मन की बात कार्यक्रम-गांव की छोटी पहल को भी राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा रहे प्रधानमंत्री मोदी : केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ स्थित कैम्प कार्यालय पर माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा  के साथ प्रधानमंत्री  के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण को सुना। प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में समाज और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी, युवाओं की सकारात्मक भूमिका, ‘भारतराज्य’ वेबसाइट तथा नशा मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि रामपुर के पटवाई गांव के आकाश और रोहन ने अपने आसपास फैली गंदगी को देखकर स्वयं सफाई का बीड़ा उठाया। उनके प्रयास से ‘क्लीन-अप पटवाई’ अभियान शुरू हुआ और धीरे-धीरे अनेक युवा इससे जुड़ते चले गए। इस अभियान के माध्यम से युवाओं ने चार गंगा घाटों की सफाई की तथा एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाकर स्वच्छता और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को देश के सामने रखा। पीएम स्वनिधि योजना से जुड़ी लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और करीब 35 लाख महिलाएं इस योजना के माध्यम से अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। यह आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री  ने देशभर में सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाली प्रतिभाओं तथा समाजहित में असाधारण कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि जब ऐसे प्रयासों को पहचान और सम्मान मिलता है तो समाज के अन्य लोग, विशेषकर युवा, उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए आगे आते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य  ने जनपद रामपुर के युवाओं के सराहनीय प्रयासों को ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय मंच पर स्थान देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदयतल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक, रचनात्मक और प्रेरणादायी कार्यों को पहचान देकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में सीखने तथा आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। यह भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता के साथ-साथ नारी शक्ति के वैश्विक सशक्तिकरण का भी उदाहरण है।

नरेंद्र मोदी देश के ऐसे दूरदर्शी प्रधानमंत्री हैं, जिनकी नजर देश के गांव-गांव में हो रहे अच्छे कार्यों पर रहती है। उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में से किसी एक जनपद, किसी तहसील और किसी गांव में कोई व्यक्ति छोटा-सा भी जनहितकारी कार्य कर रहा हो और वह प्रधानमंत्री जी की नजरों से ओझल रहे, यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जिसकी सोच वैश्विक हो, लेकिन जिसकी संवेदनशील नजर गांव, गरीब, युवा, महिला और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाले छोटे-छोटे प्रयासों पर बनी रहे। श्री  मौर्य  ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों को जोड़ने, पहचान देने और उन्हें जनआंदोलन में बदलने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश का प्रत्येक नागरिक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button