2 मिनट 38 सेकंड के वीडियो में दिखी रणबीर कपूर की राम झलक, रावण के खौफनाक लुक ने उड़ाए होश
सस्पेंस के बीच नितेश तिवारी का मेगा-बजट मास्टरपीस
मार्च में सिनेमाघरों में अपने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से तहलका मचाने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ के बाद अब दर्शकों की निगाहें नितेश तिवारी के इस ड्रीम प्रोजेक्ट पर टिक गई हैं। भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्मों में शुमार इस प्रोजेक्ट पर करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च होने की रिपोर्ट सामने आई है। मेकर्स इसे दो भागों में दर्शकों के सामने पेश करेंगे। पहला पार्ट इसी साल 2026 में और दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर पर्दे पर उतरेगा। मेकर्स ने फिल्म को लेकर भारी सस्पेंस बरकरार रखा है और वे धीरे-धीरे इसके पत्ते खोल रहे हैं। आज रिलीज हुए टीजर में राम के रूप में रणबीर कपूर का चेहरा साफ नजर आ रहा है, जबकि लक्ष्मण, माता सीता और राजा दशरथ जैसे अहम किरदारों को सिर्फ शैडो (परछाई) के रूप में दिखाया गया है।
क्या आपने देखा रावण का खौफ और पुष्पक विमान?
टीजर का सबसे दिलचस्प हिस्सा 2 मिनट 12 सेकंड पर आता है, जब फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश की पीछे से एक दमदार एंट्री होती है। इसके ठीक बाद 2 मिनट 17 सेकंड पर पुष्पक विमान की भव्य झलक देखने को मिलती है। हालांकि, फिल्म में भगवान हनुमान का अहम रोल प्ले कर रहे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल स्क्रीन पर नजर नहीं आए हैं। लेकिन 1 मिनट 50 सेकंड पर बैकग्राउंड से अचानक ‘राम’ की एक भारी आवाज आती है। फैंस कयास लगा रहे हैं कि यह पुकार भगवान हनुमान की ही है, जबकि कुछ का मानना है कि यह राजा दशरथ के आखिरी शब्द हो सकते हैं।
सोशल मीडिया पर फैंस का रिएक्शन और तगड़ी स्टारकास्ट
टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों के मिले-जुले रिएक्शंस की बाढ़ आ गई है। जहां एक बड़ा वर्ग यश को रावण के अवतार में पूरी तरह देखने के लिए बेताब है, वहीं कई लोग सनी देओल को बजरंगबली के रूप में पर्दे पर दहाड़ते देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। स्टारकास्ट की बात करें तो नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नितेश के साथ रवि उदयवार और श्रीधर राघवन ने लिखा है। रणबीर कपूर (राम), यश (रावण), साई पल्लवी (सीता), सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), काजल अग्रवाल (मंदोदरी), लारा दत्ता (कैकेयी), अरुण गोविल (दशरथ), रकुलप्रीत (शूर्पणखा) और मोहित रैना (भगवान शिव) जैसे शानदार कलाकार इस फिल्म का हिस्सा हैं। यह भव्य फिल्म अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की जा रही है।
आलिया भट्ट का सपोर्टिव अंदाज और दीपिका से तुलना
इस फिल्म की रिलीज को लेकर रणबीर कपूर की पत्नी आलिया भट्ट का एक खास मैसेज भी काफी वायरल हो रहा है। अभिनय के साथ-साथ खुद भी प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रख चुकीं आलिया एक प्रोड्यूसर के तौर पर ऐसी बड़ी फिल्मों का दबाव बखूबी समझती हैं। टीजर रिलीज से ठीक एक दिन पहले सामने आई एक क्लिप में वह अपने पति के काम की जमकर तारीफ करती दिखीं। उन्होंने कहा कि रणबीर ने इस फिल्म में शानदार काम किया है और वह इसे लेकर बेहद एक्साइटेड हैं। आलिया ने दर्शकों से भी रणबीर और इस फिल्म को पूरा सपोर्ट करने की अपील की। उनके इस सपोर्टिव अंदाज की लोग काफी तारीफ कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर लोग उनकी तुलना दीपिका पादुकोण से कर रहे हैं, जिन्हें हाल ही में ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के वक्त फिल्म को लेकर कोई सपोर्टिव पोस्ट न करने के चलते फैंस की भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।




