राम चरण का विनाशकारी अवतार 8 महीने की कड़ी तपस्या और शाकाहारी डाइट से बनाई पेड्डी पहलवान जैसी बॉडी
अयप्पा दीक्षा और शुद्ध शाकाहारी डाइट का ‘चमत्कार’ निर्देशक बुच्ची बाबू सना के अनुसार, राम चरण का यह ट्रांसफॉर्मेशन केवल जिम तक सीमित नहीं था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अभिनेता ने अपनी अयप्पा दीक्षा (धार्मिक अनुष्ठान) के कठिन समय के दौरान भी अपनी ट्रेनिंग जारी रखी। इस दौरान वे शुद्ध शाकाहारी डाइट पर थे, लेकिन उन्होंने एक दिन भी वर्कआउट से ब्रेक नहीं लिया। निर्देशक ने बताया कि यह केवल मांसपेशियां बनाने के बारे में नहीं था, बल्कि एक असली पहलवान की बॉडी लैंग्वेज, चाल-ढाल और उस रफ-टफ एटीट्यूड को अपने भीतर उतारने की चुनौती थी।
क्रिकेटर से पहलवान: फिल्म की कहानी में बड़ा ट्विस्ट? शुरुआती प्रचार में राम चरण को एक ‘गांव के क्रिकेटर’ के रूप में दिखाया गया था, लेकिन ताज़ा ‘पेड्डी पहलवान’ लुक ने कहानी में एक नया आयाम जोड़ दिया है। 44 सेकंड के इस स्पेशल ग्लिम्स (Teaser) में राम चरण को कीचड़ में कुश्ती लड़ते, भारी गदा उठाते और पारंपरिक तरीके से वर्कआउट करते देखा जा सकता है। वीडियो में एक दमदार वॉइसओवर सुनाई देता है “कुश्ती क्रिकेट की तरह नहीं है जहाँ आप बस गेंद और बल्ले का सामना करते हैं, यह वह खेल है जहाँ आप साक्षात् मौत का सामना करते हैं।” इस बदलाव ने फैंस के बीच यह चर्चा छेड़ दी है कि क्या फिल्म में राम चरण दोहरी भूमिका (Double Role) निभा रहे हैं।
30 अप्रैल को सिनेमाघरों में मचेगा शोर ‘पेड्डी’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा है जिसमें राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। पहले यह फिल्म 27 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी अंतिम रिलीज डेट 30 अप्रैल 2026 तय की गई है। फिल्म में कन्नड़ सुपरस्टार शिवराज कुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। राम चरण का यह ‘बीस्ट मोड’ अवतार उनके करियर का अब तक का सबसे कठिन और गहन शारीरिक बदलाव माना जा रहा है।




