CWC 2019: धोनी को रनआउट करने वाले गप्टिल ने कहा, ‘मैं इस समय बहुत परेशान हूं’

महेंद्र सिंह धोनी को सीधे थ्रो से रन आउट कर भारत को आईसीसी विश्व कप से बाहर करने वाले मार्टिन गप्टिल इन दिनों काफी परेशान चल रहे हैं. न्यूजीलैंड ने भारत को सेमीफाइनल में हराकर उसे टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया था और उसकी जीत में एमएस धोनी का रनआउट एक तरह से टर्निंग प्वाइंट था. इस अहम मैच को न्यूजीलैंड के पक्ष में मोड़ने वाले मार्टिन गप्टिल ने कहा है कि इस समय वे काफी परेशान हैं.

मार्टिन गप्टिल न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाज हैं. वे बेहद विस्फोटक बल्लेबाज हैं. वे पिछले विश्व कप में दोहरा शतक लगा चुके हैं. लेकिन उनका यह विश्व कप अच्छा नहीं रहा है और अब उनकी टीम को रविवार को लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड के साथ फाइनल खेलना है. न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची है. वह पिछले वर्ल्ड कप के फाइनल में मेजबान ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी.

मार्टिन गप्टिल ने फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के समाचार चैनल वन न्यूज से कहा, ‘यह काफी मुश्किल है. आप कोशिश करते हैं कि आप वो न पढ़ें जो लोग लिख रहे हैं और वो न सुनें जो लोग कह रहे हैं. लेकिन, इन सभी को दूर रखना मुश्किल है.’ उन्होंने कहा, ‘बीते कुछ मैचों से मुझे लग रहा था कि मैं गेंद पर देरी से आ रहा हूं. इस स्थिति का सामना करना मुश्किल है. आप ज्यादा जल्दी भी नहीं जा सकते, नहीं तो आप फंस जाते हैं.’

कीवी टीम के अहम सदस्य गप्टिल ने कहा, ‘ जब से यहां आया हूं, तब के मुकाबले आखिरी कुछ दिन नेट्स में बिताने के बाद मुझे अब अच्छा लग रहा है. मैंने काफी मेहनत की लेकिन मैच में कुछ हो नहीं सका. यह बेहद निराशाजनक है. लोग कह सकते हैं कि वो मुझसे निराश हैं लेकिन कोई भी मुझसे ज्यादा निराश नहीं है.’ गप्टिल इस विश्व कप में नौ मैच खेल चुके हैं. वे इन मैचों में सिर्फ 167 रन बना सके हैं. इसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है.

Related Articles

Back to top button