वित्तीय वर्ष 2026-27 के माह अगस्त तक कर राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य का 74.1 प्रतिशत हासिल- सुरेश कुमार खन्ना
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रदेश में मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अगस्त माह में कुल 18,857 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अगस्त माह में 16,576 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार अगस्त, 2025 के सापेक्ष अगस्त 2026 में प्रदेश सरकार के मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में 2281 करोड़ रूपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह अगस्त तक कर राजस्व की मदों में कुल 136501.37 करोड़ रूपये लक्ष्य के सापेक्ष 101154.82 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है।
श्री खन्ना ने बताया कि जी०एस०टी० के अन्तर्गत माह अगस्त 2026 में कुल 7722 करोड़ रूपये की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष माह अगस्त 2025 में प्राप्ति 6612 करोड़ रूपये हुई थी। इस प्रकार माह अगस्त 2025 की तुलना में माह अगस्त 2026 में 1110 करोड़ रूपये की अधिक प्राप्ति हुई है। वैट के अन्तर्गत माह अगस्त 2026 में 3109 करोड़ रूपये की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष माह अगस्त 2025 में प्राप्ति 2660 करोड़ रूपये हुई थी। इस प्रकार माह अगस्त 2025 की तुलना में माह अगस्त 2026 में 449 करोड़ रूपये की अधिक प्राप्ति हुई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि आबकारी के अन्तर्गत माह अगस्त 2026 में कुल 3933 करोड़ रूपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जो माह अगस्त में राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 78.7 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष माह अगस्त 2025 में आबकारी मद में प्राप्ति 3754 करोड़ रूपये हुई थी। इस प्रकार माह अगस्त 2025 की तुलना में माह अगस्त 2026 में 179 करोड़ रूपये की अधिक प्राप्ति हुई है।
स्टाम्प तथा निबन्धन के अन्तर्गत माह अगस्त 2026 की राजस्व प्राप्ति 2937 करोड़ रूपये है जबकि गत वर्ष माह अगस्त 2025 में प्राप्ति 2538 करोड़ रूपये हुई थी। इस प्रकार माह अगस्त 2025 की तुलना में माह अगस्त 2026 में 399 करोड़ रूपये की अधिक प्राप्ति हुई है। परिवहन के अन्तर्गत माह अगस्त 2026 की राजस्व प्राप्ति 988 करोड़ रूपये है, जो इस अवधि में निर्धारित लक्ष्य का 104.2 प्रतिशत है। परिवहन मद के अंतर्गत गत वर्ष माह अगस्त 2025 में प्राप्ति 787 करोड़ रूपये हुई थी। इस प्रकार माह अगस्त 2025 की तुलना में माह अगस्त 2026 में 201 करोड़ रूपये की अधिक प्राप्ति हुई है। करेत्तर राजस्व के प्रमुख मद भू-तत्व तथा खनिकर्म के अन्तर्गत माह अगस्त 2026 में प्राप्ति 168 करोड़ रूपये है जबकि गत वर्ष माह अगस्त 2025 में प्राप्ति 225 करोड़ रूपये हुई थी।
वित्त मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के माह अगस्त तक कर राजस्व के अंतर्गत 101154.82 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, जो माह अगस्त 2026 तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 74.1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्य कर के अंतर्गत माह अगस्त तक 82826.49 करोड़ रूपये लक्ष्य के सापेक्ष 53848.26 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है। आबकारी मद के अंतर्गत माह अगस्त 2026 तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य 26800 करोड़ रूपये के सापेक्ष 24798.18 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई, जो निर्धारित लक्ष्य का 92.5 प्रतिशत है। स्टाम्प तथा निबंधन के अंतर्गत इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य 18892.60 करोड़ रूपये के सापेक्ष 15388.67 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 81.5 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि परिवहन मद के अंतर्गत माह अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य 5690.88 करोड़ रूपये के सापेक्ष 5769.67 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 101.4 प्रतिशत है।




