27 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

हमारे धार्मिक स्थल, धार्मिक चेतना के ही प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं: मुख्यमंत्री

हमारे धार्मिक स्थल, धार्मिक चेतना के ही प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं: मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि हमारे धार्मिक स्थल, धार्मिक चेतना के ही प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ये तीर्थ स्थल सामाजिक व राष्ट्रीय चेतना तथा मानव कल्याण का केन्द्र हैं। उन्होंने कहा कि सिन्ध इस देश की आत्मा है। ‘सिन्धु दर्शन’ का कार्यक्रम हमारी विरासत का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ सहित अन्य स्थानों पर, सिन्धी महापुरुषों के नाम पर स्थलों का नामकरण, इस बात का प्रतीक है कि उन महापुरुषों ने न सिर्फ सिन्धी समाज बल्कि पूरे समाज को प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री जी आज यहां शिव शान्ति सन्त आसूदाराम आश्रम में सन्त बाबा आसूदाराम साहिब के 57वें वार्षिक निर्वाण महोत्सव को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने निर्वाण महोत्सव के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं को सन्तों, विद्वानों, ज्ञानियों और मनीषियों का सानिध्य प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

योगी जी ने पाकिस्तान के सिन्ध प्रान्त से आए हुए श्रद्धालुओं का विशेष रूप से स्वागत करते हुए कहा कि भारत भूमि ने मत, मजहब, पंथ से ऊपर उठकर हमेशा से लोगों का स्वागत व सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि सिन्ध पर आक्रांताओं के हमले हुए, लेकिन फिर भी धर्म और संस्कृति को बचाने का कार्य वहां के लोगों ने किया। सिन्धु प्रदेश में सभी को भ्रमण करने का प्रयास करना चाहिए। सिन्धु दर्शन का कार्यक्रम इसी भावना से अनुप्राणित है। उन्होंने कहा कि सिन्धी समाज विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने पुरुषार्थ और संघर्ष के बल पर समाज में अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुरुषार्थ सभी के लिए अनुकरणीय होना चाहिए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में तीर्थ स्थलों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तर प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सन्तों, गुरुओं, महापुरुषों तथा भारतीय संस्कृति की विरासत व परम्परा को कायम रखते हुए राज्य सरकार प्रदेश की 22 करोड़ जनता की सेवा का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी को उत्तर प्रदेश की खुशहाली और देश की मजबूती व समृद्धि के लिए अपना योगदान करना चाहिए।

सन्त आसूदाराम आश्रम के पीठाधीश्वर सन्त स्वामी चाण्डूराम साहिब जी ने मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह् भेंट किया। इसके पूर्व, सिटी माॅण्टेसरी स्कूल के संस्थापक डाॅ0 जगदीश गांधी ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा, महिला कल्याण मंत्री श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सन्त-महात्मा, श्रद्धालुजन तथा बड़ी संख्या में सिन्धी समाज के लोग मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More