भारतीय हॉकी टीम पिछले कुछ दिनों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। हाल ही में भारतीय सीनियर पुरुष हॉकी टीम के तीसरी बार एशिया कप जीतने के बाद अब जूनियर टीम ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया में खेले जा रहे सुल्तान जोहर कप में अमेरिका को एकतरफा मुकाबले में 22-0 से हरा दिया है। इस टूर्नामेंट में भारत की ये लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारतीय जूनियर टीम ने 22 अक्टूबर को जापान के खिलाफ 3-2 से जीत का आगाज किया था। दूसरे मैच में टीम ने मेजबान मलेशिया को 2-1 से हराया।
भारत की ओर से हरमनजीत सिंह (25वें, 26वें, 40वें, 45वें और 52वें मिनट) ने इस मैच में सबसे ज्यादा 5 गोल दागे। अभिषेक (28वें, 37वें, 38वें और 45वें मिनट) ने 4, विशाल अंतिल (दूसरे, 30वें और 44वें मिनट में) और दिलप्रीत (तीसरे, 54वें और 59वें मिनट) ने 3-3 गोल किए। जबकि महिंद्र सिंह ने 2, प्रताप लाकड़ा, रबिचंद्रा मोइरांगथम, रोशन कुमार, शैलेंद्र लाकड़ा और विवेक प्रसाद ने भी 1-1 गोल किया।
FT! The Indian Colts stamp their authority in the 7th #SOJC2017 (Jr. Men) with a sensational win over USA on 25th Oct.#INDvUSA pic.twitter.com/DIM3IHqGTf
— Hockey India (@TheHockeyIndia) October 25, 2017
दूसरी तरफ बात करे अमेरिका की तो ये उसकी लगातार तीसरी बड़ी शिकस्त है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने उसे 19-0 से और ग्रेट ब्रिटेन ने 11-0 से मात दी। गोल के नजरिये से देखें तो अमेरिका टीम अपने तीन मैचों में 52 गोल खा चुकी हैं जबकि वह एक भी गोल विपक्षी टीम के खिलाफ नहीं कर पाया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 22-0 की ये जीत भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की अगुआई में भारतीय टीम ने 1932 के लांस एंजिलिस ओलंपिक में अमेरिका को 24-1 के विशाल अंतर से रौंदा था। वहीं साल 2007 के एशिया कप में भारत ने श्रीलंका को 20-0 से हराया था।
भारत अब गुरुवार को खिताब की दावेदार माने जाने वाली ऑस्ट्रेलियन टीम से भिड़ेगी। इसके बाद शनिवार को भारत आखिरी लीग मैच में ग्रेट ब्रिटेन की चुनौती का सामना करेगा। टूर्नामेंट का फाइनल 29 अक्टूबर को मलेशिया के तमन दया हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।
गौरतलब है कि भारत सबसे ज्यादा 2 बार साल 2013 और 2014 में सुल्तान जोहर कप अपने नाम कर चुका है। वहीं 2 बार जूनियर टीम इस टूर्नामेंट में उपविजेता (2012 और 2015) रही है।