देहरादून: श्री अशोक कुमार,अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड की अध्यक्षता में सिटी बसों एवं विक्रमों में महिलाओं से छेड़खानी रोकने एवं मनचलों पर कार्यवाही हेतु एक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें श्री केवल खुराना, पुलिस उपमहानिरीक्षक/प्रभारी निदेशक यातायात, श्रीमती निवेदिता कुकरेती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस अधीक्षक यातायात, देहरादून, श्री प्रदीप कुमार राय, पुलिस अधीक्षक नगर, देहरादून उपस्थित रहे।
श्री अशोक कुमार ने बताया कि उक्त बैठक में निम्न निर्णय लिये गयेः-
1- सिटी बस एवं विक्रम चालाकों की उक्त सम्बन्ध में एक बैठक आयोजित की जायेगी। जिसमें सिटी बसों में महिलाओं हेतु 08 सीटें आरक्षित करने एवं महिलाओं हेतु पृथक द्वार रखे जाने हेतु भी प्रयास किया जायेगा।
2- सिटी बसों एवं विक्रमों में 4-5 स्थानों पर पुलिस कन्ट्रोल रुम, महिला हेल्प लाइन, क्षेत्राधिकारी यातायात, पुलिस अधीक्षक यातायात, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून का दूरभाष नम्बर चस्पा किये जायेंगे जिससे महिलायें आवश्यकतानुसार सम्बन्धित से सम्पर्क कर सके।
3- सिटी पेट्रोल यूनिट द्वारा समय-समय पर बसों एवं विक्रमों को चेक किया जायेगा तथा महिलाओं से उनकी यात्रा अनुभव की जानकारी लेते हुये मनचलों पर कार्यवाही भी की जायेगी।
4- सिटी बसों एवं विक्रमों में मनचलों पर निगरानी हेतु महिला पुलिस कर्मियों को भी सादे वस्त्रों में लगाया जायेगा।