विकसित भारत- जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत विकास कार्यों का कराया जाए ड्रोन तकनीक से सटीक सर्वेक्षण : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकसित भारत- जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की निगरानी आधुनिक तकनीक के माध्यम से की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चयनित 12 जनपदों में विकास कार्यों का ड्रोन आधारित मैपिंग एवं फोटोशूट कराया जाए, ताकि प्रत्येक कार्य का सटीक, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके। उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर रही है। ड्रोन तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का समय-समय पर आकलन किया जाएगा, जिससे कार्यों की गुणवत्ता पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई संभव होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से तैयार होने वाले डिजिटल अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए तथा प्रत्येक परियोजना की प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण नियमित रूप से किया जाए। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर विकास कार्य पूर्ण कराने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Back to top button