36 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

लखनऊ स्थित विजडम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का उद्घाटन करते हुए: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

लखनऊ स्थित विजडम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का उद्घाटन करते हुए: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने आज यहां कहा कि भाजपा राजनीति की नैतिकता को ताक पर रख कर अलोकतांत्रिक आचरण कर रही है। भाजपा  बिहार, गुजरात, गोवा, मणिपुर, और उत्तर प्रदेश में जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाकर दलबदल करा रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री अभी तक विधायक नही बन सके। उन्हें चुनाव लड़कर विधायक निर्वाचित होना चाहिए न कि विधान परिषद के सदस्यों का इस्तीफा कराकर उनके स्थान पर सदस्य बनने की कोशिश। यह राजनीतिक भ्रष्टाचार है।

     श्री यादव ने कहा कि डा0 लोहिया कहते थे कि वादाखिलाफी और झूठ बोलना भ्रष्टाचार है। भाजपा इनके साथ राजनीतिक भ्रष्टाचार को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है। भाजपा लालच और दबाव डालकर विधायकों को तोड़ने की राजनीति कर रही है। यह जनादेश का अपमान है। भाजपा समाजवाद और धर्म निरपेक्षता की भी विरोधी है। जातिवादी और संप्रदायवादी भाजपा की राजनीति से हमें सावधान रहना होगा। श्री यादव ने आज खरगापुर, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ स्थित विजडम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा में नेता विरोधी दल श्री रामगोविंद चौधरी, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद श्री अहमद हसन तथा पूर्वमंत्री एवं मुख्य प्रवक्ता श्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद थे। विद्यालय के संस्थापक डा0 रामनरेश यादव एवं निदेशक -प्रिंसिपल श्री अजित प्रताप यादव ने श्री अखिलेश यादव का स्वागत किया।

भाजपा की राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के बारे में श्री यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों को अपमानित किया गया। उन पर अन्याय हुआ है। कई जानें गई हैं। जिन शिक्षा मित्रों की जान गई है उनके आश्रितों को 50 लाख रूपये देना चाहिए। नोटबंदी के बहाने भाजपा सरकार ने बैंकों में जनता की गाढ़ी कमाई जमा करा दी लेकिन खाता धारकों को कुछ नहीं मिला है। भाजपा अपनी सरकार में विकास का कोई कार्य नही करना चाहती है। जनता भाजपा के विकास विरोधी आचरण से परिचित हो गई है।

      श्री यादव ने इस बात पर बल दिया कि समाजवादी विकास में आगे है। हमारा सामाजिक सौहार्द और जातीय सद्भाव में विश्वास है। उन्होंने कहा कि हमारी ईश्वर में आस्था है लेकिन प्रचार में नहीं। तरक्की में भारत दुनिया से पिछड़ गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो तरक्की होनी थी नहीं हुई। उन्होंने कहा भाजपा से हमारी लड़ाई इस बात की है कि कौन कितनी तेजी से विकास करता है। विकास कार्य हर हाल में जारी रहने चाहिए। भाजपा सरकार को विकास की तरफ एक कदम तो बढ़ाना चाहिए। जबकि समाजवादी सरकार ने विकास का बुनियादी ढ़ांचा तैयार किया था।

      श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हमें बैकवर्ड कहती है लेकिन हम काम में फारवर्ड है। भाजपा सरकार को आगरा एक्सप्रेस-वे और मेट्रो रेल जैसी समाजवादी सरकार की विकास परियोजनाएं उससे कम अवधि में बनाकर दिखानी चाहिए।

       श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी विचारधारा समाज को जोड़ने की है जबकि भाजपा की नीति समाज को तोड़ने की रही है। भाजपा की राजनीति स्वस्थ लोकतंत्र के लिए खतरा है सत्ता के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। इस तरह की राजनीति से भाजपा जन विश्वास को आहत कर रही है। समाजवादी विकास की राजनीति करते है। सामाजिक सद्भाव और विकास साथ साथ हो। उन्होंने अंत में समाजवादी पार्टी कार्यककर्ताओ को संदेश दिया कि वे अपनी दोस्ती का दायरा बढ़ाकर सभी दूसरी जाति के सदस्य से मित्रता करे।

       श्री अखिलेश यादव ने प्रारम्भ में कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के आगे बढ़ने की बुनियाद होती है। इसलिए पढ़ाई की अच्छी और सस्ती व्यवस्था हो। बच्चों को सच्चाई के रास्ते पर चलने की शिक्षा मिले। उन्होंने श्री नेल्सन मंडेला का यह कथन उद्धृत किया कि शिक्षा से ज्यादा ताकतवर कोई हथियार नहीं होता है।

       इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि श्री अखिलेश यादव की छवि बेदाग और ईमानदारी की है। ऐसी राजनीति करने का साहस उनमें ही है। विद्यालय के उद्घाटन समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सर्वश्री सुनील यादव साजन, संतोष यादव ‘सनी‘, राम जतन राजभर, विजय यादव (एम.एल.सी.गण), काशीनाथ यादव, श्याममणि यादव, विजय यादव, राम सागर यादव, रवीन्द्र यादव, जयसिंह जयंत आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More