38 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री से थाईलैण्ड के राजदूत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की

मुख्यमंत्री से थाईलैण्ड के राजदूत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से शास्त्री भवन एनेक्सी में थाईलैण्ड के राजदूत श्री चुटिंटर्न गाॅन्ग्साक्डी के नेतृत्व में वहां के एक प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। थाईलैण्ड के राजदूत ने उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों एवं निवेश के लिए बनाये गये माहौल की प्रशंसा करते हुए राज्य में निवेश की इच्छा जतायी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने थाईलैण्ड के राजदूत एवं प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की अनेक सम्भावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वस्त्र उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन विकास तथा अवस्थापना विकास के क्षेत्र में निवेश के अच्छे मौके उपलब्ध हैं। राज्य सरकार प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी। कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार प्रदेश के किसानों की आय वर्ष 2022 तक दो-गुनी करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसमें हर प्रकार का सहयोग स्वागत योग्य है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार की निवेशोन्मुखी नीतियों के चलते उद्योगपतियों के मन में उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति विश्वास जागृत हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि थाईलैण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच अच्छे कारोबारी सम्बन्ध स्थापित होंगे और वे राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर थाई प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों ने थाईलैण्ड की खाद्य प्रसंस्करण से सम्बन्धित कई औद्योगिक इकाइयों का मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुतिकरण भी दिया। प्रतिनिधिमण्डल ने उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण, कृषि क्षेत्र, पर्यटन विकास तथा अवस्थापना विकास/सड़क निर्माण के क्षेत्र में दिलचस्पी दिखायी। उन्होंने कहा कि उनका देश भारत के विकास में अपना सहयोग देना चाहता है। उत्तर प्रदेश भारत का महत्वपूर्ण राज्य है, इसलिए वे इसके विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं।

प्रस्तुतिकरण के दौरान अपर मुख्य सचिव एवं अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश खाद्यान्न, गन्ना, आलू, लाइव स्टाॅक, दुग्ध, गेहूं तथा फल उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। यहां पर खाद्य प्रसंस्करण की विपुल सम्भावनाएं मौजूद हैं, जिसमें थाईलैण्ड अपना सक्रिय योगदान दे सकता है। राज्य सरकार प्रदेश में निवेश करने वाले उद्योगपतियों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर उन्होंने थाईलैण्ड के प्रतिनिधिमण्डल को फरवरी, 2018 में उत्तर प्रदेश में आयोजित किये जा रहे ग्लोबल इन्वेस्टमेण्ट समिट में आमंत्रित भी किया।

प्रमुख सचिव पर्यटन श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने पर्यटन विकास की सम्भावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां मौजूद बुद्ध सर्किट में पर्यटन विकास की अनेक सम्भावनाएं मौजूद हैं। यहां पर आने वाले अन्तर्राष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय स्तर के पर्यटकों के ठहरने के लिए अच्छे होटलों की स्थापना की दिशा में सहयोग किया जा सकता है। इसके लिए राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी। इसी प्रकार, दोनों देशों के बीच रामायण सांस्कृतिक दलों का आदान-प्रदान किया जा सकता है, जिससे दोनों देशों के बीच रामायण के मंचन को एक नया आयाम मिलेगा। इसी प्रकार, अयोध्या में एक रामायण म्यूजियम की स्थापना दोनों देशों के सहयोग से की जा सकती है। इसके अलावा, प्रदेश में मौजूद पर्यटन विकास की अन्य सम्भावनाओं को भी तलाश कर उनमें थाई सहयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।

प्रमुख सचिव पशुधन श्री सुधीर बोबडे ने पशुधन विकास, कुक्कुट पालन, मधुमक्खी पालन, दुग्ध उत्पादन में तकनीकी विकास, मत्स्य पालन, मत्स्य बीज तथा मत्स्य फीड उत्पादन की सम्भावनाओं पर प्रकाश डाला और प्रतिनिधिमण्डल को इस क्षेत्र में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मुर्गी पालन और अण्डा उत्पादन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में काफी मौके मौजूद हैं। इसी प्रकार, दुग्ध उत्पादन में तकनीक के उपयोग में भी काफी कार्य किया जा सकता है।

इस अवसर पर थाईलैण्ड के राजदूत ने मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका देश उत्तर प्रदेश में निवेश की सम्भावनाओं को तलाशने के गम्भीर प्रयास करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में थाईलैण्ड और उत्तर प्रदेश आपस में सहयोग करते हुए आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बुद्ध सर्किट तथा अयोध्या में पर्यटन विकास की सम्भावनाओं में विशेष रुचि ली। उन्होंने कहा कि उनके देश का रामायण कलाकारों का दल रामायण उत्सव में भाग लेने आएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने थाईलैण्ड के राजदूत को शाॅल और भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की। थाईलैण्ड के राजदूत ने मुख्यमंत्री जी को एक प्रतीक चिन्ह भेंट किया। थाईलैण्ड राजदूत की पत्नी श्रीमती एम0एल0 पियावां गाॅन्ग्साक्डी को भी एक शाॅल भेंट किया गया। थाईलैण्ड के राजदूत सहित प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों को हाल ही में दीपावली के अवसर पर अयोध्या में आयोजित ‘दीपोत्सव’ की फोटो भेंट की गयी।

इस अवसर पर विशेष सचिव मुख्यमंत्री श्री अमित सिंह, शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, थाई दूतावास के फस्र्ट सेक्रेट्री श्री पटामाॅन पंचाविनिन तथा थाई प्रतिनिधिमण्डल के कई अन्य सदस्य मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More