29 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री ने जनपद महराजगंज के बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री प्रदान करते हुए

मुख्यमंत्री ने जनपद महराजगंज के बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री प्रदान करते हुए
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद महराजगंज के बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की विभीषिका का जायजा लिया। उन्होंने फरेन्दा, पनियरा तथा पिचलौल में हवाई सर्वेक्षण के बाद बाढ़ पीड़ितों से वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने जनपद के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर 600 लोगों को खाद्यान्न प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को पूरी सुरक्षा एवं सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री जी ने जनपद महराजगंज के नेशनल पब्लिक स्कूल, शाहाबाद में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम के अवसर उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए कटिबद्ध है। बाढ़ प्रभावित जिलों का उनके द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों को सभी राहत एवं बचाव के संसाधन हर हाल में उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर सम्बन्धित जिला प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।

योगी जी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को एक सप्ताह के लिए खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्हें पुनः खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर पीड़ितों का उपचार किया जाए। इसके अलावा, पशुओं को भी शिविर लगाकर टीकाकरण करने के साथ ही, आवश्यक दवाएं भी मुहैया कराई जाएं। उन्होंने फसलों के नुकसान के सम्बन्ध में कहा कि समयबद्ध ढंग एवं पारदर्शिता के साथ सर्वे कराकर, एक महीने में प्रभावितों को क्षतिपूर्ति दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर मृतक आश्रितों को अनुग्रह अनुदान प्रदान किया। मुख्यमंत्री जी द्वारा राजू पुत्र श्रीराम, सुखारी पुत्र रामजतन, जगदीश पुत्र शिवमंगल, अलीमुन्निसां पत्नी जियाउद्दीन, कमलावती पत्नी लालजी, बनारसी पुत्र मंगल को 04-04 लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान प्रदान किया गया। इसके अलावा, केदार पुत्र गंगोत्री की भैंस हानि होने पर उन्हें 30 हजार रुपए की सहायता भी प्रदान की गई।

योगी जी ने निचलौल तहसील के बहुआर पहुंचकर गड़ौरा चीनी मिल को किसानों के गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की एक लाख रुपए की कर्जमाफी का कार्य शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही जनपद महराजगंज के किसानों को इसका लाभ मिलेगा। बहुआर में 500 लोगों को राहत पैकेट उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जी ने पनियरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सर्वेक्षण के पश्चात् पनियरा एम0आई0 गोदाम पर लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों को हर तरह की राहत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इस कार्य में कहीं कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन को इस हेतु कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों के एक लाख रुपए की कर्ज माफी का जिक्र करते हुए कहा किसानों एवं गरीबों की सहायता में कोई कमी नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाएं एव पशुओं के उपचार हेतु कड़े निर्देश दिए हैं। लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर मिलें तथा पशुओं का शिविर के माध्यम से उपचार सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सांसद श्री पंकज चैधरी सहित जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More