Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री ने कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री ने कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां नादरगंज स्थित कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने गोवंशीय पशुओं के लिए बनाए गए सभी शेडों में जाकर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कान्हा उपवन परिसर में निर्मित सिद्धार्थ पशु-पक्षी उपचार केन्द्र में कुत्तों के बंध्याकरण सुविधा के अलावा घायल पशुओं के इलाज की व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने गायों को स्वयं हरा चारा एवं गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री श्री सुरेश खन्ना तथा राज्य मंत्री श्रीमती स्वाती सिंह भी मौजूद थीं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंशीय पशुओं को स्वच्छता अधिक प्रिय है। इसलिए गौशाला के सभी शेडों एवं परिसर में साफ-सफाई पर और अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए। पशुओं को अधिक से अधिक हरा चारा उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कान्हा उपवन को और अधिक बेहतर बनाया जाए। यहां निर्मित शेडों को विस्तारित करते हुए उन्हें और मजबूती प्रदान की जाए। उन्होंने गोबर का बेहतर उपयोग करने तथा गायों के मूत्र के सदुपयोग के लिए आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने कान्हा आश्रय पशु कल्याण योजना के तहत 700 अतिरिक्त गोवंशीय पशुओं के लिए निर्माणाधीन शेडों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि नवनिर्मित शेडों का उपयोग शीघ्र शुरू किया जाए।

श्री योगी ने लखनऊ नगर निगम द्वारा अपनी पहल से स्थापित किए गए कान्हा उपवन की सराहना करते हुए नगर विकास मंत्री श्री सुरेश खन्ना से अपेक्षा की कि प्रदेश के अन्य नगर निगमों में भी गोवंशीय पशुओं के रख-रखाव के लिए इसी प्रकार की गौशाला स्थापित की जाएं। जिन नगरों में पहले से गौशाला स्थापित है, उनकी क्षमता में वृद्धि की जाए। इससे जहां गौ तस्करों से छुड़ाए गए एवं नगरों में छुट्टा घूम रहे गोवंशीय पशुओं को आश्रय उपलब्ध कराने में सुविधा होगी, वहीं बीमार पशुओं के इलाज की मुकम्मल व्यवस्था भी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कान्हा उपवन गौशाला के कर्मचारियों से भी बात की तथा उन्हें अपने बच्चों को पढ़ाने-लिखाने पर भी ध्यान देने की सलाह दी। इसके साथ ही, उन्होंने यहां स्थापित हो रहे बायोगैस संयंत्र की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि इसकी क्षमता में इस प्रकार वृद्धि की जाए कि यहां कार्य कर रहे कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिल सके।

ज्ञातव्य है कि 54 बीघे में निर्मित कान्हा उपवन की स्थापना लखनऊ नगर निगम ने 2010 में की थी। इस समय गौशाला में करीब 1850 गोवंशीय पशु हैं, जिनमें लगभग 900 गाय तथा 917 नंदी (सांड़) के अलावा बछड़े एवं बछिया शामिल हैं। यहां के पशु चिकित्सालय में गोवंशीय पशुओं के अलावा बड़ी संख्या में बंदर एवं कुत्तों का भी इलाज किया जाता है। बाद में मुख्यमंत्री ने स्थानीय महिलाओं की समस्याओं को सुना और उनके क्षेत्र में जल निकासी एवं सड़क की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव नगर विकास श्री कुमार कमलेश, नगर आयुक्त श्री उदय राज सिंह, श्रीमती अपर्णा यादव, श्री प्रतीक यादव तथा कान्हा उपवन को संचालित कर रही जीव आश्रय स्वैच्छिक संस्था के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More