26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

बीएसएफ इंस्टिट्यूट डोईवाला में आयोजित हरेला पर्व 2017 में वृक्षारोपण करते हुएः सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत

बीएसएफ इंस्टिट्यूट डोईवाला में आयोजित हरेला पर्व 2017 में वृक्षारोपण करते हुएः सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत
उत्तराखंड

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य भर में मनाये जा रहे हरेला पर्व के अवसर पर राज्य वासियों से अपील की है कि हरियाली के पर्व हरेला पर राज्य का प्रत्येक व्यक्ति एक वृक्ष जरूर लगाएं। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने ‘‘एक व्यक्ति एक वृक्ष’’ का नारा देते हुए बीएसएफ इंस्टिट्यूट डोईवाला में आयोजित हरेला पर्व 2017 का शुभारंभ किया। हरेला पर्व का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सहित कैबिनेट के अन्य मंत्रियों तथा विधायक गणों ने बीएसएफ इंस्टिट्यूट परिसर में हरण, अमर लता, आवला तथा तेजपात जैसे विभिन्न औषधीय महत्व के पौधों का रोपण किया।

राज्य वासियों को हरेला पर्व तथा संग्राद की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि वन विभाग ने इस वर्षा काल में राज्य भर में 5000000 वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा है साथ ही अन्य विभागों, संगठनों और तथा संस्थाओं द्वारा अन्य 5000000 पौधों का रोपण राज्य भर में किया जाएगा। कुल मिलाकर इस वर्षाकाल में एक करोड़ नए पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि हरियाली के पर्व हरेला पर हम सभी को वृक्षारोपण का संकल्प लेना होगा हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि एक वृक्ष 10 पुत्रों के समान होता है। प्राचीन काल से ही भारतीय सभ्यता में वृक्षों की रक्षा की परंपरा रही है हमारी परंपरा में पीपल वृक्ष को पूजनीय तथा चिरंजीवी माना जाता है। वटवृक्ष हमारी आस्था तथा अध्यात्म से जुड़ा हुआ है अतः हमारे अधिकारी भी पीपल के रोपण को महत्व दे रहे हैं क्योंकि इसके धार्मिक महत्व के कारण कोई इसे काटता नहीं है।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि हमारे लोकगीत तथा पर्व भी प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं तथा हमें जीवन कैसे जीना चाहिए इसका मार्गदर्शन भी करते है। मुख्यमंत्री ने कहा की हरेला हरियाली तथा ऋतुओं का पर्व है हमें प्रकृति संरक्षण व प्रेम की अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा उत्सवों को बनाए रखना होगा। पर्यावरण संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पेड़ एक दिन में 4 व्यक्तियों के लिए ऑक्सीजन की मात्रा सुनिश्चित करता है। एक पेड़ एक कमरे को उतना ही ठंडा रख सकता है जितना की एक एसी 20 घंटे तक। विश्व में सर्वाधिक वृक्ष रूस में पाए जाते हैं उसके बाद कनाडा तथा अमेरिका दूसरे तथा तीसरे स्थान पर है। भारत में 35 अरब पेड़ हैं। भारत में प्रति व्यक्ति 28 वृक्ष है। अतः हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना होगा।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि इस वर्ष के हरेला पर्व की थीम वृक्षारोपण के साथ नदियों का पुनर्जीवन तथा संरक्षण है। राज्य के प्रत्येक जिले में एक नदी, धारा, गदेरा चिन्हित किया गया है जिसे पुनर्जीवित करने के प्रयास किए जाएंगे। देहरादून में सुसवा नदी के किनारे वृक्षारोपण किया जा रहा है। नदियों के पुनर्जीवन के साथ ही जल संरक्षण को भी गति मिलेगी। ऐसे पौधे लगाने के प्रयास किए जाएंगे जिनसे स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ भी मिले। 15 अगस्त तक 5000000 पौधे पूरे प्रदेश में लगाए जाएंगे परंतु इस महा अभियान में जन सहभागिता व जन सक्रियता भी अनिवार्य है। जनता की सक्रियता तथा सहभागिता से ही आज तक के सभी अभियान सफल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण के बारे में आज ही समझने की जरूरत है, हमारे पास कल का समय नहीं है। जन सहभागिता से इस अभियान को महा अभियान बनाना होगा। उन्होंने नागरिको से अपील की जितना अधिक संभव हो वृक्षारोपण करे। चाहे हम अपने घरों में सजावटी, नींबू, अमरूद तथा अन्य फलदार पौधे ही लगाएं तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा पर भी ध्यान दें।

इस अवसर पर कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचंद अग्रवाल, वन मंत्री श्री हरक सिंह रावत, पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, विधायक श्री सुबोध उनियाल ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने स्कूली बच्चों को पौधे भी वितरित किए।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More