31 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

दुबई से रवाना हुआ श्रीदेवी का पार्थिव शरीर, 10 बजे तक पहुंचेगा मुंबई

मनोरंजन

श्रीदेवी का पार्थिव शरीर अब कुछ घंटों में भारत आ जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि श्रीदेवी का पार्थिव शरीर और उनके परिजन रात तकरीबन 10ः30 बजे तक मुंबई में होंगे। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुबई लेने पहुंचे विशेष प्राइवेट विमान ने रात तकरीबन 7ः15 बजे वहां से मुंबई के लिए उड़ान भरी है।

बताते चलें कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद सरकारी वकील ने जांच संबधित सारे क्लियरेंस कर दिए थे। सारी औपचारिकताएं पूरी कर श्रीदेवी का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया था। पार्थिव शरीर 90 मिनट तक चली लेपन प्रक्रिया के बाद दुबई एयरपोर्ट पर लाया गया था। कल बुधवार की सुबह 9ः30 से दोपहर 12ः30 बजे तक लोग श्रीदेवी का आंतिम दर्शन कर सकेंगे। अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 3ः30 बजे खत्म होगी। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार उनके आवास से कुछ दूरी पर स्थित विले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा।

बोनी कपूर को मिली क्लीन चिट

बोनी कपूर के लिए राहत भरी खबर यह है कि उनपर लटक रही संदेह की सुई अब हट गई है। सरकारी वकील की दलीलों के बाद बोनी कपूर को क्लीन चिट दे दी गई है। अब श्रीदेवी की मौत में कोई संदेह नहीं रह गया है। जांच के बाद उनकी मौत से जुड़े सारे सवाल खत्म हो चुके हैं। सरकारी वकील की मंजूरी के बाद दुबई पुलिस ने भारतीय कन्सुलेट को एनओसी दे दी है। सारी जांच पूरी होने के बाद दुबई पुलिस ने श्रीदेवी का शव परिजनों को सौंप दिया था।

श्रीदेवी की मौत पर उठ रहे थे सवाल

आपको बता दें कि इससे पहले अटोप्सी (बिसरा) रिपोर्ट के बाद दुबई फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने सारी रिपोर्ट्स सरकारी वकील को सौंप दी थी। अटोप्सी रिपोर्ट आने के बाद श्रीदेवी की मौत पर कई सवाल उठ रहे थे। इसी बीच पहली बार दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने सामने आकर बयान दिया था।

लाइव अपडेट्स

7.15 दुबई से मुंबई के लिए रवाना हुआ श्रीदेवी का पार्थिव शरीर

6.40 कल बुधवार की सुबह 9ः30 से दोपहर 12ः30 बजे तक लोग श्रीदेवी का आंतिम दर्शन कर सकेंगे। अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 3ः30 बजे खत्म होगी।

6.20 दुबई एयरपोर्ट से अभी नहीं चल सका है श्रीदेवी का पार्थिव शरीर

6.10 दुबई एयरपोर्ट पर पहुंचा श्रीदेवी का पार्थिव शरीर

5.30 अनिल कपूर के घर पहुंचीं अभिनेत्री कटरीना कैफ

5.00 इतने दिनों बाद भी यकीन नहीं होता कि श्रीदेवी हमारे बीच नहीं रहीं: राज बब्बर

4.42 लेपन के बाद एयरपोर्ट ले जाया जा रहा है श्रीदेवी का पार्थिव शरीर। एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगेगा 40 मिनट का वक्त

4.17 आज रात 10.30 बजे मुंबई पहुंचेगा श्रीदेवी का शव। कल एक बजे होगा अंतिम संस्कार।

3.45 सारी जांच के बाद श्रीदेवी की मौत में कोई संदेह नहीं। बोनी कपूर को मिली क्लीन चिट।

3.08 दुबई पुलिस ने भारतीय वाणिज्य दूतावास एवं परिवार को लेप लगाने के लिए श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सौंपने का पत्र दिया।

2.46 श्रीदेवी के साथ प्राइवेट जेट में बोनी कपूर भी मौजूद रहेंगे।

2.45 श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को प्राइवेट जेट से लाया जाएगा।

2.40 अब श्रीदेवी के पार्थिव शरीर पर लेप लगाया जाएगा। इस काम में 1.30 घंटे का समय लगेगा।

2.35 सरकारी वकील के क्लियरेंस के बाद दुबई पुलिस ने भारतीय कन्सुलेट को शव लाने की चिटठी या एनओसी सौंपी।

2.30 सरकारी वकील ने बोनी कपूर को क्लियरेंस दिया

1.00 PM: बोनी कपूर के बेटे अर्जुन कपूर दुबई रवाना।

12.15 PM: खबर है कि आज दोपहर 3 से 3.30 बजे तक दुबई से श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रवाना हो सकता है। बोनी कपूर और उनके छोटे भाई संजय कपूर इस समय दुबई में ही हैं और शव को भारत लाने की कार्रवाई पूरी कर रहे हैं। वहीं दुबई पुलिस मोहित मारवाह के परिवार और होटल के स्टाफ से पूछताछ कर रही है। आपको है कि मारवाह और कपूर परिवार रिश्तेदार हैं। दुबई पुलिस ने बोनी कपूर से कहा है कि वह मामले की जांच कर रहे सरकारी वकील से अनुमति मिलने के बाद ही देश छोड़कर जा सकते हैं।

12.00 PM; दुबई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर बताया गया है कि मामले की जांच ‘दुबई लोक अभियोजक’ यानि दुबई के सरकारी वकील के हवाले कर दिया गया है। दुबई पुलिस अब इस तरह के मामलों में अपनाई जाने वाली नियमित कानूनी प्रक्रिया के तहत श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का दोबारा बयान भी ले सकती है।

11.50 AM: वरिष्ठ अभिनेत्री वहीदा रहमान श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने के लिए अनिल कपूर के मुंबई स्थित घर पहुंचीं।

11.30 AM: बताया जा रहा है कि श्रीदेवी का पार्थिव शरीर दोपहर 3.30 बजे तक मुंबई के लिए रवाना कर दिया जाएगा।

11.20 AM: पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने कहा, हम यह पक्का कर लेना चाहते हैं कि सारी जांच सही तरीके से हुई है कि नहीं। शव सौंपने से पहले हम यह देख लेना चाहते हैं कि मौत से जुड़े जो सवाल उठ रहे हैं , उन सभी के संतुष्ट करने वाले जवाब हमारे पास हैं कि नहीं।

11.10 AM: प्रॉसिक्यूटर ने आगे कहा, इस मामले में कई कॉन्सपिरेसी थ्योरी पर सवाल उठ रहे हैं। यह प्रॉसेस का हिस्सा है और इसे फॉलो करना जरूरी है।’ सरकारी वकील की बातों से साफ लग रहा है कि मौत के पीछे जरूर कोई न कोई षडयंत्र है।

11.00 AM: इससे पहले भारत के राजदूत ने कहा था, ‘ध्यान रखा जाए कि हम दुबई की अथॉरिटीज के साथ काम कर रहे हैं और पूरी कोशिश में हैं कि श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भिजवा दें। हम अपना काम कर रहे हैं। हमारे अनुभव के मुताबिक ऐसे केस में प्रॉसेस पूरा होने में दो से तीन दिन लगते हैं। हम इस मामले को पूरी तरह से एक्सपर्ट्स पर छोड़ते हैं कि वह मौत के कारणों का पता लगा सकें।’

8.00AM: खलीज टाइम्स के मुताबिक श्रीदेवी के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम दोबारा हो सकता है। ऐसी भी संभावना है कि सरकारी वकील इस केस का रिक्रिएशन कराए। सरकारी वकील जांच के बाद ही श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सौंपेंगे।

7.15AM: दुबई पुलिस ने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर से पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक ये पूछताछ सामान्य बताई जा रही है। पूछताछ के बाद दुबई पुलिस ने बोनी कपूर को जाने दिया। पुलिस बोनी से एक अंडरटेकिंग ले सकती है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें पूछताछ के लिए आना पड़ेगा। पुलिस ने होटल का वो कमरा सील कर दिया है जिसमें श्रीदेवी की मौत हुई थी। पुलिस श्रीदेवी की कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।

06: 45 AM: लेप लगाने में कम से कम डेढ़ घंटा लगता है। लेप समेत बाकी काम पूरे होने में 4 घंटे लगेंगे दुबई से पार्थिव शरीर भारत आने में 4 घंटे लगेंगे। अगर सुबह 10 बजे अनुमति मिली तब भी शाम 6 बजे से पहले पार्थिव शरीर भारत आ पाना मुश्किल है।

06: 30AM: भारतीय समय के मुताबिक, तीन घंटे बाद सुबह 9.30 बजे शवगृह का दफ्तर खुलेगा। अब तक सरकारी वकील की अनुमति नहीं मिली है। सरकारी वकील की अनुमति के बाद ही पुलिस क्लोजर रिपोर्ट देगी। क्लोजर रिपोर्ट के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। इसके बाद शव पर लेप लगाने का काम शुरू होगा।

सोमवार को हुआ ये खुलासा
बॉलीवुड की सुपरस्टार श्रीदेवी की मौत को लेकर सोमवार को नया खुलासा हुआ। अभिनेत्री की मौत दिल का दौरा पड़ने से नहीं, होटल के बाथटब में डूबने से हुई। दुबई सरकार ने यह जानकारी दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दुबई पुलिस ने बताया कि श्रीदेवी (54) बेहोश होकर बाथटब में गिर पड़ी और डूबने से उनकी मौत हो गई। इससे पहले दुबई स्थित गल्फ न्यूज ने पुलिस के हवाले से बताया कि श्रीदेवी के शरीर में शराब के अंश मिले हैं। शराब पीने से उनका संतुलन बिगड़ गया और बेहोश होकर वह बाथटब में गिर गईं। इसके बाद डूबने से उनकी मौत हो गई। बता दें कि श्रीदेवी का पार्थिव शरीर बाथटब में ही मिला था।

परिजनों को सौंपी रिपोर्ट
पुलिस की रिपोर्ट में अभिनेत्री का पूरा नाम श्रीदेवी बोनी कपूर अयप्पन, पासपोर्ट नंबर घटना की तारीख और मौत का कारण दर्ज है। दुबई पुलिस ने श्रीदेवी के परिजनों और भारतीय दूतावास को फॉरेंसिक रिपोर्ट सौंप दी। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए मामले को दुबई लोक अभियोजन के पास स्थानांतरित कर दिया।

यह है मामला
श्रीदेवी की शनिवार को देर रात दुबई के एक होटल में मौत हो गई थी। वह एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। पहले खबर आई थी कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। हालांकि श्रीदेवी के देवर संजय कपूर ने स्पष्ट किया था कि उन्हें कोई दिल की बीमारी नहीं थी।

48 घंटे बाद भी नहीं पहुंचा पार्थिव शरीर
श्रीदेवी की मौत शनिवार रात करीब 11 बजे हुई थी। लेकिन 48 घंटे बीतने के बाद भी उनका पार्थिव शरीर मुंबई नहीं पहुंच सका है। उधर, मुंबई में बोनी कपूर के भाई अनिल कपूर के घर पर श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने लगातार हस्तियां पहुंच रही हैं। वहीं प्रशंसक भी आखिरी झलक पाने के लिए श्रीदेवी के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं।

जोड़ी जा रही हर कड़ी
गल्फ न्यूज ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि मौत के वक्त के हालात को समझने के लिए हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं। पुलिस एक-एक कड़ी को जोड़कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के वक्त श्रीदेवी के साथ कौन मौजूद था।

फोरेंसिक रिपोर्ट: बेहोश होने के बाद बाथटब में गिरी थीं श्रीदेवी

प्रमाणपत्र की प्रतीक्षा
श्रीदेवी के परिजन और भारतीय अधिकारी सोमवार रात तक आवश्यक प्रमाणपत्र मिलने की प्रतीक्षा करते रहे ताकि उनके पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जा सके। यूएई में भारतीय दूत नवदीप सूरी ने बताया, हमारे अधिकारी दुबई के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। साथ ही श्रीदेवी के परिजनों को अपडेट किया जा रहा है।

दुर्घटनावश मौत नहीं
सूत्रों ने बताया कि दुबई के अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहीं भी ‘दुर्घटनावश मौत’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि कोई भी डाक्टर इस बात की पुष्टि नहीं कर सकता है कि मौत की वजह दुर्घटना थी।

Live हिन्दुस्तान

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More