27 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

गरीब, दलित एवं पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे: मुख्यमंत्री

गरीब, दलित एवं पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे: मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को विकास और खुशहाली के रास्ते पर तेजी से आगे ले जाने के लिए प्रभावी प्रयास करेगी। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश सरकार भारतीय जनता पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र-2017 में किए गए वादों को शत-प्रतिशत पूरा करेगी।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में अपनी पहली प्रेस वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने विकास और सुशासन के लिए जनता के भारी समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। विधान सभा चुनाव में अभूतपूर्व बहुमत हासिल करने के बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शपथ ली है और यह दिन उत्तर प्रदेश व देश के लिए ऐतिहासिक महत्व का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सुशासन के माध्यम से ‘सबका साथ, सबका विकास’ करने का जो संकल्प लिया है, उसका पूरी तरह अनुसरण करते हुए प्रदेश सरकार राज्य की जनता की सेवा करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती एकात्म मानववाद के प्रणेता पण्डित दीन दयाल उपाध्याय की जन्म भूमि एवं कर्म स्थली रही है। ऐसे महापुरुष के अन्त्योदय के स्वप्न को साकार करने के लिए सभी जरूरी निर्णय लिए जाएंगे।
श्री योगी ने कहा कि विगत 15 वर्ष के दौरान उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में काफी पिछड़ गया है। इस अवधि में यहां सत्ता पर काबिज रही सरकारों के भ्रष्टाचार और परिवारवाद के साथ-साथ बदहाल कानून-व्यवस्था ने राज्य तथा यहां की जनता का भारी नुकसान किया है। इसलिए राज्य सरकार आम जनता के कल्याण और उत्थान के लिए अविलम्ब प्रभावी कार्यवाही शुरू करेगी। लोक कल्याण के प्रति समर्पित यह सरकार बगैर किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य करेगी। इसके लिए शासन-प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजन, आवास, सड़क, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को चाक-चैबन्द रखने के लिए प्रदेश सरकार निरन्तर सजग रहेगी। प्रदेश सरकार शिक्षा के उन्नयन, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि, आम जनता को स्वास्थ्य और परिवहन की अच्छी सुविधा प्रदान करने की दिशा में भी ठोस प्रयास करेगी। समाज के गरीब, दलित एवं पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
श्री योगी ने कहा कि हमारे प्रदेश की आबादी का बड़ा हिस्सा ग्रामीण इलाकों में रहता है और अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कृषि ही प्रदेश के विकास का आधार बने। कृषि, किसान तथा खेतिहर मजदूर-इन तीनों के विकास के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें समान अवसर देने के लिए हर सम्भव प्रयास करेगी। महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के 15 वर्ष के बदहाल शासन का खामियाजा प्रदेश की युवा पीढ़ी को भुगतना पड़ा है। प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापरक शिक्षा सुलभ कराने तथा कौशल विकास के माध्यम से उन्हें रोजगार के सुगम अवसर दिलाने के लिए भी संवेदनशीलता से कार्य करेगी। सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार विहीन एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। निवेश को बढ़ावा देते हुए राज्य का संतुलित औद्योगिक विकास भी किया जाएगा। इसके माध्यम से जहां एक ओर प्रदेश का आर्थिक विकास होगा, वहीं दूसरी ओर हमारे नौजवानों को राज्य में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य एवं डाॅ0 दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री श्रीकांत शर्मा, श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More