उत्तराखंड में गुलदार का आतंक: यहां घास लेने गई महिला को बनाया निवाला, परिजनों में कोहराम
पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड पोस्ट) जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।
सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार के हमले में 42 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद महिला की जान लेने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया है।
जंगल में घास लेने गई थी महिला, गुलदार ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल (42 वर्ष), पत्नी कमल किशोर, जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि कविता की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
शव उठाने से ग्रामीणों ने किया इनकार, आदमखोर घोषित करने की मांग पर अड़े
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग को लेकर महिला का शव उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं, लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी के सामने भी ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। लगातार बढ़ते जनविरोध के बाद आखिरकार महिला पर हमला करने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया।
क्षेत्र में गुलदार के हमले की पांचवीं घटना
बताया जा रहा है कि सनेह क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले भी एक बच्ची सहित तीन लोग गुलदार के हमले में घायल हो चुके हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुलदार की बढ़ती सक्रियता के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। विशेष रूप से जंगलों के आसपास रहने वाले परिवार अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से स्थायी निजात दिलाने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की दुखद घटना का सामना न करना पड़े।




