41 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से रौंदा

टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से रौंदा
खेल समाचार

भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप में जीत के साथ शानदार शुरुआत की है। खिताब की प्रबल दावेदार टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से रौंद दिया।

नए कोच मारिन शूअर्ड के पद संभालने के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रही टीम इंडिया ने हर क्वार्टर में एक गोल जरूर किया। तीसरे क्वार्टर में उसने दो गोल दागे। जापान के पास उसके हमलों का कोई जवाब नहीं था।

भारत की तरफ से एस वी सुनील (तीसरे मिनट), ललित उपाध्याय (22वें मिनट), रमनदीप सिंह (33वें मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (35वें और 48वें मिनट) ने गोल किये।

जापान की तरफ से एकमात्र गोल केंजी किताजातो ने चौथे मिनट में किया।

भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही जापान पर अपना दबदबा कायम कर लिया था। एस.वी.सुनील ने तीसरे ही मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला।

इसके बाद केंजी कीटाजाटो ने अगले ही मिनट में फील्ड गोल कर भारत के खिलाफ जापान का स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। इसके साथ ही पहला क्वार्टर समाप्त हो गया।

दूसरे क्वार्टर में ललित उपाध्याय ने आगे बढ़ते हुए भारत को 22वें मिनट में 2-1 की बढ़त दे दी। हालांकि, भारतीय टीम के खिलाड़ियों का गोल दागने का कारवां यहीं नहीं रुका।

अपने अच्छे डिफेंस को बरकरार रखते हुए जापान को गोल करने का मौका न देते हुए भारत ने 33वें मिनट में रमनदीप सिंह की बदौलत तीसरा गोल भी किया। इसके दो मिनट बाद ही हरमनप्रीत ने टीम के लिए चौथा गोल दागा।

चौथे और अंतिम क्वार्टर में हरमनप्रीत ने 48वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 5-1 की बढ़त दे दी। यहां से जापान के लिए मैच में वापसी करना नामुमनिक हो गया था और उसकी हार भी लगभग तय हो गई।

भारतीय टीम ने मैच की समाप्ति तक जापान के खिलाफ अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए अंत में 5-1 से जीत हासिल की।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More