37 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में नवनिर्मित जटायू क्रूज बोट का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में स्थानीय जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही उत्तर प्रदेश जल परिवहन प्राधिकरण का गठन किया जायेगा। इसके माध्यम से स्थानीय व्यापार, रोजगार तथा कृषि उत्पाद को शीघ्रता से एक स्थान से दूसरे स्थान तक परिवहन के लिए राप्ती, गंगा तथा सरयू जैसी नदियों में क्रूज का संचालन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और आम जनता को ताजी सब्जियां एवं स्थानीय उत्पाद प्राप्त होंगे। इसके साथ ही किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है।
पर्यटन मंत्री आज अयोध्या में चौधरी चरण सिंह घाट पर जटायू क्रूज बोट के संचालन शुरू करने के अवसर पर सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनिर्मित जटायू क्रूज बोट को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुसार अयोध्या को त्रेता युग की भव्यता एवं दिव्यता देने के लिए संकल्पबद्ध है। प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी माननीय प्रधानमंत्री जी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए अयोध्या को नये सिरे से संवार रहे हैं।
श्री जयवीर सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में बड़े पैमाने पर विकास कार्य एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अयोध्या में बहुप्रतीक्षित भव्य मंदिर निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। अगले साल पूरे विश्व भर के श्रद्धालुओं के आस्था का केन्द्र अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के दर्शन के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही पर्यटकों की संख्या मंे कई गुना बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही क्रूज संचालन का कार्य मथुरा और तीर्थराज प्रयाग में भी शुरू किया जायेगा। वाराणसी में क्रूज सेवा पहले से ही संचालित है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि आज क्रूज सेवा शुरू होने से अयोध्या की भव्यता में एक नया अध्याय जुड़ जायेगा। जटायू क्रूज अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें 100 यात्रियों के बैठने की सुविधा है। यह अयोध्या से चलकर 18 किमी0 की दूरी तय करते हुए गुप्तारघाट पहुंचेगा। यह यात्रा लगभग एक घंटे की होगी। प्रति यात्री 300 रू0 किराया होगा। इस क्रूज में 70 यात्री अन्दर और 30 यात्री बाटम में यात्रा कर सकेंगे। इस क्रूज के माध्यम से सरयू नदी के शांत जल पर नौकायन करते हुए भगवान श्रीराम की स्मृतियों से जुड़े हुए विभिन्न स्थलों को निहारा जा सकता है।
इसके पूर्व पर्यटन मंत्री ने सरयू होटल, रामकथा पार्क में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों में उच्च स्तरीय सामग्री का उपयोग किया जाय। अधोमानक एवं घटिया सामग्री पाये जाने पर सम्बंधित के खिलाफ कठोर कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए निर्धारित समय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का पालन किया जाय। इस अवसर पर विभिन्न उच्चाधिकारियों ने भी अपने सुझाव दिये।
इस अवसर पर अयोध्या क्रूज लाइन्स प्रा0लि0 के एम.डी. श्री राहुल शर्मा ने बताया कि हमारी जटायू क्रूज बोट यात्रियों को अविस्मरणीय यात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह क्रूज अयोध्या की भव्यता एवं आधुनिकता को समेटे हुए है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए पुष्पक विमान नामक अल्ट्रा लग्जरी क्रूज जहाज का निर्माण किया जा रहा है। 150 यात्रियों की क्षमता वाला पुष्पक विमान अयोध्या की शोभा में चार चांद लगायेगा।
जटायू क्रूज के लोकार्पण के अवसर पर स्थानीय सांसद श्री लल्लू सिंह, विधायक    श्री वेद प्रकाश गुप्ता, मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मेयर तथा वी0सी0 अयोध्या विकास प्राधिकरण सहित भारी संख्या में गणमान्य जन, श्रद्धालु तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More