27 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

आज दुनिया में भारत सबसे तेजी से उभरता हुआ देश, विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना: सीएम

उत्तर प्रदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत 09 वर्षों में देश की तस्वीर बदलने तथा देश के प्रत्येक नागरिक के मन में एक नया विश्वास पैदा करने का कार्य हुआ है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। भारत की आन्तरिक व वाह्य सुरक्षा सुदृढ़ हुई है। देश में हाई-वे, रेलवे, एयरपोर्ट तथा वॉटर-वे के निर्माण से इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेन्ट की नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य हुआ है। प्रत्येक गरीब के जीवन में परिवर्तन करने के लिए बिना भेदभाव के ईमानदारी के साथ उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद अम्बेडकर नगर में आयोजित समारोह में 1,212 करोड़ रुपये की 2,339 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त अपने विचार व्यक्त रहे थे। इन परियोजनाओं में 260 करोड़ रुपये से अधिक की 1,129 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा लगभग 952 करोड़ रुपये की 1,210 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी, मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट तथा लैपटॉप, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत प्रतीकात्मक गोल्डेन कार्ड, ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ के अन्तर्गत प्रतीकात्मक चेक तथा उद्यमियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये। उन्होंने कृषि विभाग के अन्तर्गत कस्टम हायरिंग सेण्टर की स्थापना हेतु टै्रक्टर व कृषि यंत्र को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया तथा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद अम्बेडकर नगर वासियों को विकास परियोजनाओं के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज भारत बदल चुका है। भारत के बारे में दुनिया की राय भी बदली है। भारत को दुनिया सम्मान की निगाहों से देख रही है। दुनिया में किसी भी संकट के समाधान के लिए लोग प्रधानमंत्री जी को संकटमोचक के रूप में तथा भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। यह हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण है। वैश्विक मंच पर भारत के नौजवानों तथा नागरिकों को सम्मान मिल रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली घुसपैठ भी अब बन्द हुई है। आज एयर स्ट्राइक तथा सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से भारत दुश्मन का काम तमाम करने का जज्बा भी रखता है। आज भारत की सीमाओं का अतिक्रमण करने का दुस्साहस कोई नहीं कर सकता। सदैव नेशन फर्स्ट की विचारधारा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जब देश सुरक्षित रहेगा तभी हम सब भी सुरक्षित रहेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 09 वर्ष पूर्व देश के विभिन्न भागों में उग्रवाद, आतंकवाद, माओवाद, नक्सलवाद की समस्याएं थी। आज इन्हें कुछ ही जनपदों तक सीमित कर दिया गया है। शीघ्र ही भारत की धरती से नक्सलवाद और माओवाद पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। आज से 09 वर्ष पूर्व जम्मू-कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद 370 के हटने के बारे में कोई नहीं सोचता था। वर्ष 1952 में डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान नहीं चलेंगे’, का नारा दिया था। आज वह स्वप्न हकीकत बना है। 05 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्राविधान हटा दिए गए हैं। आज कश्मीर भारत के कानून से चल रहा है तथा शान्ति और विकास की नई धारा के साथ आगे बढ़ रहा है। अब कश्मीर में उपद्रव नहीं होते हैं। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से मांगे उठती हैं कि उन्हें भी भारत का हिस्सा बनाया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 1947 में भारत का त्रासदी पूर्ण विभाजन हुआ था। पाकिस्तान में क्षेत्रफल की तुलना में जनसंख्या कम गई, जबकि भारत में क्षेत्रफल की तुलना में जनसंख्या ज्यादा आयी। इसके बावजूद भारत प्रगति के पथ पर चलते हुए अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसे में जिस ब्रिटेन ने भारत पर लगभग 200 वर्षों तक शासन किया था, उसे पछाड़ कर विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। आज दुनिया में भारत सबसे तेजी से उभरता हुआ देश है। भारत प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में दुनिया के 20 बड़े देशों के संगठन जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। यह भारत के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत में अब विरासत के प्रति सम्मान का भाव है। धार्मिक स्थलों का विकास किस प्रकार किया जाता है यह दृष्टि प्रधानमंत्री जी ने दी है। 13 दिसम्बर, 2021 को प्रधानमंत्री जी ने जनपद वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण किया था। जनपद अयोध्या में श्री राम जन्म भूमि पर भगवान राम के भव्य मन्दिर का निर्माण हो रहा है। जनपद अयोध्या में होने वाले विकास का सर्वाधिक लाभ जनपद अम्बेडकर नगर को होगा। जनपद अम्बेडकर नगर भी उस विकास प्रक्रिया का हिस्सा बनेगा। जनपद मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी धाम भी बन रहा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम के साथ ही, उत्तराखण्ड में केदारनाथ धाम तथा उज्जैन, मध्य प्रदेश में महाकाल के महालोक का भव्य निर्माण किया गया है। जनवरी, 2024 में प्रभु श्रीराम अपने मन्दिर में विराजमान हो जाएंगे। यह हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण होगा। यह विरासत का सम्मान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोरोना काल में भारत में निःशुल्क टेस्ट, उपचार तथा वैक्सीनेशन की व्यवस्था थी। भारत के नागरिकों को 220 करोड़ वैक्सीन की निःशुल्क डोजेज दी गईं। विगत सवा तीन वर्षों से उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों सहित देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा दी जा रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत नई यात्रा की ओर आगे बढ़ रहा है। देश ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, आई0आई0टी, आई0आई0एम0 तथा एम्स का निर्माण युद्ध स्तर पर हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 02 करोड़ 61 लाख सहित देश में 12 करोड़ गरीबों के घर में एक-एक शौचालय बनाने का कार्य हुआ है। उत्तर प्रदेश में लगभग 09 करोड़ लोगों सहित देश के 48 करोड़ लोगों के जनधन खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के 54 लाख गरीबों सहित देश के साढे़ तीन करोड़ गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इन योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में जा रहा है। प्रत्येक गरीब को 05 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का कवर मिलना पहले यह सपना था, लेकिन आज यह हकीकत है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा की गारंटी मिल रही है। आज कोई अपराधी किसी भी बहन बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता, और न ही गरीब या व्यापारी की सम्पत्ति पर कब्जा करने का दुस्साहस कर सकता है। बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक को प्राप्त हो रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ अभियान अनवरत आगे बढ़ रहा है। सबके विश्वास और सबके प्रयास को लेकर विकास की बड़ी-बड़ी परियोजनाओं को हम आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश में दो करोड़ युवाओं को तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने के लिए टैबलेट/स्मार्टफोन वितरित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के 09 साल देश के विकास के लिए बेमिसाल साबित हुए हैं। वह भारत को एक नई ऊंचाई की ओर ले गए हैं। प्रधानमंत्री जी स्वतंत्र भारत को सुशासन और गरीब कल्याण का एक नया मॉडल दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम भारत के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, इसके लिए आवश्यक होगा कि हम गांव को विकास की इकाई बनाएं। कल अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस है। गांवों में अमृत सरोवर, पंचायत भवन, ग्राम सचिवालय या किसी सार्वजनिक स्थल पर गांव के लोग जाकर प्रातःकालीन योगाभ्यास करें। योग भारत की ऋषि परम्परा का उपहार है, जिस पर दुनिया गर्व कर रही है, इसे आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, इनमें सड़क, पंचायती राज से जुड़े हुए ग्राम सचिवालय के निर्माण, हर घर नल आदि से सम्बन्धित परियोजनाएं सम्मिलित हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री के हाथों से यहां के किसानों को ट्रैक्टर भी उपलब्ध कराए गए हैं। हर घर नल की योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल का लाभ नागरिकों को प्रदान किया जा रहा है। अगले एक वर्ष में जनपद अम्बेडकरनगर में भी हर घर नल की योजना हकीकत बन जाएगी। हर घर तक शुद्ध आर0ओ0 का पानी पहुंचाया जाएगा। अम्बेडकरनगर में भी उद्योग लग रहे हैं। आज से 06 वर्ष पूर्व यह सपना था।
कार्यक्रम को केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More