25 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की उड़ान भरी, गरीब कल्याणकारी योजनाओं में रिकॉर्ड बनाए गए: सीएम

उत्तर प्रदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विगत 09 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। यह 09 वर्ष बेमिसाल रहे हैं और भारत खुशहाल हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत की विरासत को सम्मान देने तथा देश को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए कार्य किए गए हैं, इन्हें सभी ने देखा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम भव्य रूप में बनकर तैयार है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। जनपद मथुरा अन्त्योदय के प्रणेता पं0 दीन दयाल उपाध्याय की जन्मभूमि है। जनपद चन्दौली में पं0 दीन दयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन को भव्य स्मारक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह स्मारक उनके संकल्पों का प्रतीक है। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में वह संकल्प जमीनी धरातल पर उतर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें लगभग 122 करोड़ रुपये की 41 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 86 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 39 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी, प्रमाण-पत्र, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, टैबलेट तथा आंगनबाड़ी संसाधन किट का वितरण किया। उन्होंने गर्भवती माताओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अमेरिका को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत के रूप में जाना जाता है। कल प्रधानमंत्री जी का अमेरिका की सीनेट में भव्य सम्मान किया गया। यह नये भारत की नई पहचान है, जो प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने विगत 09 वर्षों में अर्जित की है। यह भारत के 140 करोड़ लोगों का सम्मान भी है। इससे पूर्व, 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनिया के 180 देश योग के कार्यक्रम से जुड़े थे। यह भारत की ऋषि परम्परा के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर था। इसका श्रेय प्रधानमंत्री जी को है। प्रधानमंत्री जी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र संघ में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब भारत ने आजादी का अमृत महोत्सव मना कर अमृत काल के प्रथम वर्ष में प्रवेश किया है, तब भारत ने 02 बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रथम, जिस ब्रिटेन ने देश पर 200 वर्षों से अधिक समय तक शासन किया, उसे पीछे कर भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। द्वितीय, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत जी-20 के देशों की अध्यक्षता कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विरासत के प्रति सम्मान ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को भी साकार कर रहा है। विगत 09 वर्षों में श्री केदारनाथ धाम तथा महाकाल के महालोक का निर्माण हुआ है। गुजरात में सोमनाथ धाम के पुनरुद्धार का कार्यक्रम चल रहा है। भगवान श्रीकृष्ण ने आज से 05 हजार वर्ष पूर्व मथुरा की धरा पर अवतार लेकर मानवता के कल्याण का संदेश दिया था। भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म, न्याय और सत्य की स्थापना के लिए उस समय जो मार्गदर्शन दिया था, वह आज भी सत्य तथा शाश्वत है। उसकी प्रासंगिकता हर देश, काल तथा परिस्थिति में बनी हुई है। ब्रज क्षेत्र के विकास की योजनाएं जब जमीनी धरातल पर उतरेंगी, तब वह पुनः हमारे सामने द्वापर युग की स्मृतियों को ताजा कर देंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश में अनेक क्षेत्रों में इन्फ्रस्ट्रक्चर डेवलपमेंट के कार्य भी युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट तथा वॉटरवे आदि का निर्माण किया जा रहा है। शीघ्र ही मथुरा-वृन्दावन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा प्रारम्भ की जाएगी, जिसके माध्यम से आगरा, नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा एवं दिल्ली से लोग यहां से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से 2014 तक देश में मात्र 74 एयरपोर्ट बने थे, जबकि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से 2023 के बीच में 74 नये एयरपोर्ट बनाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में वर्ष 1947 से 2017 के मध्य मात्र 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज बने थे, जबकि वर्ष 2017 से 2023 तक प्रदेश में 59 मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। शीघ्र ही, ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में प्रदेश बढ़ जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 1947 से 2014 तक देश में 06 एम्स बने थे, जबकि वर्ष 2014 से 2023-23 तक देश में 22 एम्स का निर्माण हो चुका है। देश ने हर एक क्षेत्र में प्रगति की तथा उड़ान भरी है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं में रिकॉर्ड बनाए गए हैं। कोरोना महामारी के दौरान जब दुनिया पस्त थी, तब प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में वैक्सीन का निर्माण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा गरीब कल्याण की योजनाओं के साथ ही देश में नयी-नयी योजनाएं बन रही थी। मजदूरों को भरण-पोषण भत्ता देना, गरीबों को राशन की सुविधा, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को कोरोना कालखण्ड में निःशुल्क रसोई गैस के सिलेण्डर उपलब्ध कराने सहित अनेक कार्य हुए। भारत विश्व का एक मात्र देश है, जो लगातार सवा तीन वर्ष से देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा दे रहा है। इस दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के नेतृत्व में वैष्णव कुम्भ का सकुशल आयोजन सम्पन्न हुआ।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश में साढ़े तीन करोड़ गरीबों को विगत 09 वर्ष में सिर ढकने के लिए छत मिली है। उत्तर प्रदेश के 54 लाख गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराए गए हैं। देश में 12 करोड़ गरीबों सहित उत्तर प्रदेश में 02 करोड़ 61 लाख गरीबों को निःशुल्क शौचालय का लाभ मिला है। हर गरीब को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जोड़ा गया है। तीर्थस्थलों के विकास के साथ ही रोजगार की नयी सम्भावनाओं को विकसित करने का कार्य हुआ है। भारत ने अपने नागरिकों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध करायी है। यह दुनिया में कहीं नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के प्रधानमंत्री जी के मिशन के साथ हम सभी को जुड़कर भारत को वर्ष 2027 तक दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य करना होगा। यह देश के हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए। हमारे सभी जनप्रतिनिधि सदैव विकास के लिए पहल करते हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद यहां के समग्र विकास के लिए निरन्तर कार्य कर रहा है और ब्रज क्षेत्र को नई पहचान दिला रहा है। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोग श्रद्धाभाव से आते हैं। उनकी इस श्रद्धा को सम्मान दिलाना होगा। इस क्षेत्र को भौतिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समग्र विकास की ओर आगे बढ़ाना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां 208 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। यहां हर गांव तथा नगर के सभी घरों में शुद्ध पेयजल के लिए व्यवस्था की जा रही है। अब खारा पानी अतीत हो जाएगा। वर्षाकाल आ रहा है। इस दौरान हमें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए तथा जल संरक्षण के उपायों से जुड़ना चाहिए। हमें वर्षा की एक-एक बूंद का संरक्षण करना है तथा जल संरक्षण के लिए तैयार रहना है, प्लास्टिक मुक्त वातावरण करना है, गंदगी के खिलाफ अभियान चलाना है तथा चारों ओर स्वच्छता लानी है।
ब्रज क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए गंदगी के खिलाफ अभियान चलाना होगा। हमारे गांव आत्मनिर्भर हों, स्वच्छ व सुंदर बनें, यह कार्यक्रम निरन्तर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र में द्वापर युग की सकंल्पना को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने हेतु सभी को आश्वस्त किया।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री राधा मोहन सिंह, सांसद श्रीमती हेमा मालिनी, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह, पूर्व मंत्री श्री श्रीकान्त शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञातव्य है कि आज यहां लोकार्पित परियोजनाओं में मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण की 15 परियोजनाएं, बेसिक शिक्षा विभाग की 02 परियोजनाएं, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 की 02 परियोजनाएं, प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग, मथुरा की 08 परियोजनाएं, निर्माण खण्ड-1 लोक निर्माण विभाग, मथुरा की 05 परियोजनाएं, उत्तर प्रदेश जल निगम की 02 परियोजनाएं तथा नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की 05 परियोजनाएं सम्मिलित हैं। इन परियोजनाओं में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के तहत श्रीकृष्ण जन्म स्थल पर लीला मंच एवं लाइट एण्ड साउण्ड शो का कार्य, श्री गिरिराज गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में सुव्यवस्थित पेयजल की व्यवस्था हेतु पाइप लाइन बिछाने एवं टी0टी0एस0पी0 का निर्माण कार्य, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय भवन का निर्माण/विकास कार्य, वृन्दावन शोध संस्थान के भवन का जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुडेसी एवं गोवर्धन के परिसर में बालिका छात्रावास का निर्माण सम्मिलित है।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में उ0प्र0 राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 की 03 परियोजनाएं, यू0पी0 प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लि0 की 05 परियोजनाएं, उ0प्र0 आवास एवं विकास परिषद की 01 परियोजना, प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग, मथुरा की 19 परियोजनाएं, निर्माण खण्ड-1 लोक निर्माण विभाग की 05 परियोजनाएं तथा नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की 03 परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मथुरा तथा गोवर्धन में आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कक्ष का निर्माण, राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज अडींग तथा परखम का निर्माण तथा विभिन्न मार्गों का नवनिर्माण, पुनर्निर्माण, नवीनीकरण तथा लघु सेतु निर्माण आदि कार्य सम्मिलित है।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More