23 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

समाजवादी पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेन्स में मीडिया से बात करते हुएः पूर्व सीएम अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में मिल रहे किसानों और जनता के भारी जनसमर्थन से घबराकर तीन काले कृषि कानूनों को वापस लिया है। भाजपा सरकार ने किसानों को हर मौके पर अपमानित किया है। सैकड़ों किसानों की सच्ची मौत के आगे झूठी माफी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत साफ नहीं है, उसकी नज़र वोटो पर है। किसान और जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। अब भाजपा का सफाया तय है।
श्री अखिलेश यादव आज यहां समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में प्रेस कांफ्रेन्स में मीडिया से बात करते रहे थे। उन्होंने आंदोलन की सफलता के लिए किसानों, नौजवानों को बधाई दी। भाजपा से सावधान रहने को चेतावनी देते हुए श्री यादव ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों की वापसी भाजपा के अहंकार की हार और लोकतंत्र की जीत है। भाजपा सरकार को किसानों के हित से कोई मतलब नहीं। चुनाव में अपनी हार को सुनिश्चित जानकर ही भाजपा ने यह फैसला लिया है। इनका कोई भरोसा नहीं है, वह उत्तर प्रदेश चुनावों के बाद दोबारा से यह कानून ला सकते हैं।
श्री यादव ने कहा लखीमपुर में किसानों को टायरों से कुचल दिया गया उनकी हत्या हुई, इसकी जिम्मेदारी से सरकार कैसे बच सकती है? जिस मंत्री के कारण लखीमपुर की घटना हुई, उसकी जिम्मेदारी से सरकार कैसे बच सकती है। घटना का जिम्मेदार मंत्री अभी भी केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में है। उसको अभी तक क्यों हटाया नहीं गया? किसानों को खाद, कीट नाशक के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। पूरे प्रदेश में किसान को कहीं धान की कीमत नहीं मिली। गन्ने का बकाया मूल्य नहीं मिला। डीजल-महंगा है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि इसका भरोसा कौन दिलाएगा कि भविष्य में ऐसे कानून नहीं लाए जाएंगे, जो किसानों को संकट में डाले। भाजपा ने किसान विरोधी कानून वापस लेने का फैसला धोखा देने के लिए किया है। भाजपा की प्राथमिकता किसान नहीं वोट है।
समाजवादी पार्टी किसानों की पार्टी है जिसने हमेशा किसान हित के फैसले लिए हैं। समाजवादी शुरू से किसानों के आंदोलन के साथ रहे हैं। सरकार ने सबसे ज्यादा मुकदमे समाजवादी कार्यकर्ताओं पर लगाए हैं। भाजपा को हटाए बिना किसानों का भला नहीं होगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि किसान और नौजवान जिस तरह से समाजवादी पार्टी की विजय यात्रा में सड़क पर निकले उससे लखनऊ ही नहीं, दिल्ली भी हिल गई है। इससे पहले भी भाजपा सरकार ने नोटबंदी की थी उससे अर्थव्यवस्था कहां सुधरी? बैंक की लाइन में जन्में खजांची की फिक्र किसी ने नहीं की। सिर्फ समाजवादी पार्टी उसका जन्मदिन मनाती है। उन्होंने कहा महोबा, हमीरपुर, झांसी, बांदा में मण्डियों को भाजपा सरकार ने फंड नहीं दिया। सरकार ने एमएसपी की अनिवार्यता नहीं लागू की। भाजपा के कानून उद्योगपतियों के लिए बने है। महंगाई बढ़ाकर गरीब को बर्बाद कर दिया। अब किसानों-नौजवानों ने निश्चिय कर लिया है कि भाजपा को फिर सत्ता में नहीं आने देंगे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More