34 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

खेलकूद किसी भी देश के सामर्थ्य और कौशल को प्रदर्शित करने का एक माध्यम : मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश

लखनऊउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विगत 09 वर्षों में सभी ने देश में खेल संस्कृति को बढ़ते हुए देखा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज भारत अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वस्थ खेल प्रतिस्पर्धा और कौशल का परिचय दे रहा है। इसी प्रकार विभिन्न राज्य देश के अन्दर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करके स्वस्थ खेल प्रतिस्पर्धा और कौशल का परिचय दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी आज यहां 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 में आयोजित 71वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर चैम्पियनशिप 2022-23 का उद्घाटन कर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को चैम्पियनशिप की मशाल प्रदान की। इस प्रतियोगिता का आयोजन सशस्त्र सीमा बल द्वारा किया जा रहा है। चैम्पियनशिप में प्रतिभाग कर रहे विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों एवं केन्द्रीय पुलिस बलों के जवानों द्वारा मार्चपास्ट किया गया। मुख्यमंत्री जी के समक्ष योग क्रियाओं, विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य, एस0एस0बी0 पाइप बैण्ड एवं जे0 ब्रास बैण्ड द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां की गयी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय मनीषा यह विश्वास करती है कि शरीरमाद्यं, खलु धर्म साधनम् अर्थात हमारे जीवन के सभी कर्तव्य स्वस्थ शरीर के माध्यम से ही सम्पन्न हो सकते हैं। स्वस्थ शरीर के लिए व्यक्ति का खेलकूद की गतिविधियों के साथ सहभागी बनना अत्यन्त महत्वपूर्ण है। खेलकूद किसी भी देश के सामर्थ्य और कौशल को प्रदर्शित करने का एक माध्यम है। खेलकूद की प्रतियोगिताएं सभी को सम-विषम परिस्थितियों में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करती है। आज ओलम्पिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स तथा विश्व चैम्पियनशिप में भारत की प्रतिभागिता बढ़ी है तथा भारत को मिलने वाले पदकों की संख्या भी बढ़ी है। युवा शक्ति को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा की ओर अग्रसर करने में खेलकूद गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्होंने विगत 20 से 22 वर्षों के दौरान भारत-नेपाल तथा भारत-भूटान सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की कार्य पद्धति को नजदीक से देखा है। इन सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्य करते हुए सशस्त्र सीमा बल ने राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया है। सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों के साथ जिस सहृदयता तथा संवेदनशीलता के साथ सशस्त्र सीमा बल द्वारा कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उत्तर प्रदेश की 560 किलोमीटर लम्बी सीमा मित्र राष्ट्र नेपाल से जुड़ी हुई है। सशस्त्र सीमा बल वहां पर उत्तर प्रदेश पुलिस बल के साथ बेहतर समन्वय बनाने का कार्य करता है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज खेलकूद की गतिविधियों में तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में अनेक कदम बढ़ाएं हैं। वर्तमान में हर संसदीय क्षेत्र मेंं सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। संसदीय क्षेत्रों में होने वाली इन प्रतियोगिताओ में 02 हजार से ढाई हजार खिलाड़ी अलग-अलग प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों के साथ जुड़ते हैं। खेलकूद की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार, विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं तथा सामाजिक संस्थाओं के स्तर पर प्रयास किये जाने की आवश्यकता है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार भारत सरकार के साथ मिलकर सभी ग्राम पंचायतों में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करवाने की कार्यवाही कर रही है। सभी गांवों में खेल भावना तथा रचनात्मकता पैदा करने तथा आपसी रागद्वेष से मुक्त होकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के विकास की दृष्टि से इन कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सभी ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान, ओपेन जिम का निर्माण, विकासखण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम, जनपद स्तर पर स्टेडियम का निर्माण एवं प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। किसी भी अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता या राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल या उत्तर प्रदेश शासन की विभिन्न सेवाओं में स्थान देने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार शीघ्र ही 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश शासन की विभिन्न सेवाओं में स्थान देने जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह पुलिस बल की ताकत होनी चाहिए कि जब देश में या विभिन्न राज्यों में कानून व्यवस्था पर संकट आयेगा, तो पुलिस बल सुरक्षा प्रदान करते हुए कानून व्यवस्था की स्थापना करेंगे। केन्द्रीय पुलिस बल उस समय राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता व ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। साथ ही, शान्तिपूर्ण स्थितियों में अपनी शारीरिक और मानसिक फिटनेस के लिए कार्य करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के साथ युवा शक्ति को लगाने का कार्य भी करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह अत्यन्त प्रसन्नता का क्षण है कि देश की सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 71वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर चैम्पियनशिप-2022-23 का आयोजन तथा उद्घाटन हो रहा है। उत्तर प्रदेश को 10 वर्षों के बाद यह अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री जी तथा केन्द्रीय गृहमंत्री एवं इसके आयोजक सशस्त्र सीमा बल का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस चैम्पियनशिप में विभिन्न राज्यों, केन्द्रशासित प्रदेशों तथा केन्द्रीय पुलिस बलों की 32 टीमों के 1300 से अधिक खिलाड़ियों की प्रतिभागिता इस आयोजन को सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगा। अगले चार-पांच दिनों तक होने वाला यह पुलिस खेल कुम्भ हमारी युवा शक्ति को खेल की गतिविधियां के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करेगा। सशस्त्र सीमा बल के नेतृत्व में यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम विभिन्न पुलिस बलों के साथ ही, युवा पीढ़ी के लिए भी मार्गदर्शक सिद्धान्तों की नींव रखते हुए नई प्रेरणा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगे।
सशस्त्र सीमा बल की महानिदेशक श्रीमती रश्मि शुक्ला ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति चैम्पियनशिप के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती जयदेवी, श्री अमरेश कुमार, पुलिस महानिदेशक श्री डी0एस0 चौहान सहित सशस्त्र सीमा बल एवं अन्य पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More