40 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

योग्य एवं कुशल अधिकारी के तौर पर डाॅ0 पाण्डेय ने विशिष्ट पहचान बनायी: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने निवर्तमान मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय को 35 वर्ष की सफल प्रशासनिक सेवा के लिए हार्दिक बधाई दी है। डाॅ0 पाण्डेय ने एक योग्य एवं कुशल अधिकारी के तौर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनायी और सौंपे गये दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय शासकीय सेवा से निवृत्त हुए हैं, प्रदेश की जनता की सेवा की जिम्मेदारी से नहीं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बेहतर प्रबन्धन एवं कुशल मार्गदर्शन प्रदान करके डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं प्राथमिकताओं को सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रदेश के लघु व सीमान्त किसानों के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गयी फसल ऋण मोचन योजना के सफल क्रियान्वयन में डाॅ0 पाण्डेय की उल्लेखनीय भागीदारी रही। राज्य सरकार के अपने वित्तीय संसाधनों से क्रियान्वित इस योजना की एक विशेषता यह भी थी कि इसकी वित्तीय व्यवस्था के लिए प्रदेश की जनता पर कोई अतिरिक्त कर नहीं लगाया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस वर्ष राज्य में अनेक ऐसे आयोजन सम्पन्न हुए, जिनसे उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान और साख बनी है। इस वर्ष की शुरूआत प्रयागराज में कुम्भ के सफल आयोजन के साथ हुई। स्वच्छता, सुरक्षा तथा सुव्यवस्था की दृष्टि से प्रयागराज कुम्भ-2019 ने नये मानक स्थापित किये, जिसकी सभी ने सराहना की। अपने अधीनस्थों को सही मार्गदर्शन और नेतृत्व प्रदान करके डाॅ0 पाण्डेय ने प्रयागराज कुम्भ को सफल बनाने में सराहनीय कार्य किया। प्रदेश में पहली बार काशी में 15वां प्रवासी भारतीय दिवस आयोजित किया गया। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की उपलब्धि के रूप में देखा जाता है। इसे सफल बनाने में भी डाॅ0 पाण्डेय ने अथक परिश्रम किया। लोकतंत्र के महापर्व के रूप में लोकसभा का चुनाव निर्विघ्न सम्पन्न हुआ। इसने प्रदेश की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था के सम्बन्ध में अच्छा सन्देश दिया। सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन के लिए डाॅ0 पाण्डेय लगातार प्रयासरत रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने फरवरी, 2018 में इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन किया। डाॅ0 पाण्डेय की इसमें बड़ी भूमिका थी। इस समिट के माध्यम से 4.68 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। मात्र 05 माह के अन्दर जुलाई, 2018 में प्रथम ग्राउण्ड बे्रकिंग सेरेमनी के माध्यम से इनमें से 62 हजार करोड़ रुपये के 81 निवेश प्रस्तावों का शिलान्यास सम्पन्न हुआ। इस वर्ष जुलाई माह में सम्पन्न द्वितीय ग्राउण्ड बे्रकिंग सेरेमनी में 65 हजार करोड़ रुपये की 250 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी गयी। इन आयोजनों की सफलता में भी डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More