26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

देश व प्रदेश की दोनों सरकारें गरीबों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर अंत्योदय के दर्शन को साकार कर रही हैं: डा0 महेन्द्र सिंह

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डा0 महेन्द्र सिंह ने कहा है कि लखनऊ के कल्ली पश्चिम स्थित दीन दयाल उपाध्याय पार्क के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराकर इसे एक आदर्श पार्क के रूप में विकसित किया जायेगा। इस पार्क में संग्रहालय, योगा सेन्टर, आयुर्वेद सेन्टर, नेचुरोपैथी, बोटिंग की सुविधा के अलावा सिंचाई की विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया जायेगा। यह पार्क पूरे एशिया में अपनी अलग पहचान के लिए जाना जायेगा।

जलशक्ति मंत्री आज दीन दयाल पार्क कल्ली पश्चिम में एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, महान चिन्तक व प्रखर राष्ट्रवादी पं0 दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के उपरान्त उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के संकल्प के साथ अंत्योदय के सपने को साकार कर रही है।

पं0 दीन दयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के तहत अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का चहुमुखी विकास करने का दर्शन दिया था। उनकी विचारधारा से प्रेरणा लेकर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री, श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ जी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करते हुए गरीबों तक रोजगार, आवास, बिजली, पानी, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन तथा इलाज की सुविधा पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो आज भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है उसके पीछे पंडित जी का ही दर्शन है।

जलशक्ति मंत्री ने दीन दयाल उपाध्याय जी के जीवन को प्रेरणा स्रोत का केन्द्र बताते हुए कहा कि अंत्योदय, एकात्म मानववाद एवं राष्ट्रवाद की विचारधारा को अपनाते हुए पूरे विश्व में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी अपनी छाप छोड़ रहे हैं और भारत एक बार फिर से विश्व गुरू बनने की राह पर चल पड़ा है। देश व प्रदेश की दोनों सरकारें उपाध्याय जी के पद चिन्हों पर चलकर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के दर्शन को आगे बढ़ा रही हैं।

कार्यक्रम के उपरान्त जलशक्ति मंत्री ने पार्क का भ्रमण कर पार्क की साफ-सफाई बनाये रखने के लिए निर्देश दिये। मुख्य अभियन्ता शारदा नहर संगठन श्री आर.के. गुप्ता ने बताया कि यह पार्क 60 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला हुआ है और इसमें बुनियादी सुविधाओं के विकास पर प्रारम्भिक आकलन के अनुसार 80 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जायेगी।

इस मौके पर जफराबाद के विधायक, श्री हरेन्द्र सिंह, सिंचाई एवं जल संसाधन के विभागाध्यक्ष श्री ए.के. श्रीवास्तव, गोविन्द पाण्डेय पूर्व पार्षद, अवधेश प्रताप सिंह, अशोक तिवारी, आदित्य मिश्रा, चेयरमैन निखिल मिश्र के अलावा भारी संख्या में अनुयायी एवं प्रशंसक मौजूद थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More