26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में बहुगुणा जी ने उ0प्र0 को अपना योग्य व तेजस्वी नेतृत्व प्रदान किया था: सीएम

उत्तर प्रदेश

लखनऊउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज यहां योजना भवन में उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की आज पावन पुण्यतिथि है। बहुगुणा जी का जन्म आज के उत्तराखण्ड राज्य के पौड़ी जनपद के एक गांव में हुआ था। बचपन की शिक्षा गांव में ही प्राप्त करने के उपरान्त उन्होंने आगे की पढ़ाई प्रदेश के प्रमुख शिक्षा केन्द्र प्रयागराज से की। उच्च शिक्षा के दौरान ही बहुगुणा जी देश की आजादी के आन्दोलन के साथ ही जुड़ गये थे। भारत छोड़ो आन्दोलन के उपरान्त आजादी की लड़ाई के प्रत्येक अभियान में श्रद्धेय बहुगुणा जी ने बढ़चढ़ कर भाग लिया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्री हेमवती नन्दन बहुगुणा जी स्वतन्त्र भारत में अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों के साथ जुडे़े हुए थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपना योग्य व तेजस्वी नेतृत्व प्रदान किया था। लोकतंत्र, मानवीय संवेदना एवं विकास के विषय पर श्रद्धेय बहुगुणा जी ने बढ़चढ़ कर उन मूल्यों की स्थापना के लिए अपना योगदान दिया था। उत्तर प्रदेश के प्रति बहुगुणा जी के योगदान के श्रद्धांजलि स्वरूप प्रदेश सरकार ने उनके जन्म शताब्दी वर्ष पर योजना भवन में उनकी इस मूर्ति की स्थापना करवाई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वय श्री केशव प्रसाद मौर्य एवं श्री ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री दिनेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More