29 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने वेबिनार के माध्यम से प्रदेश में गेहूं खरीद की समीक्षा की

उत्तर प्रदेशकृषि संबंधित

लखनऊः उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री, श्री सूर्य प्रताप शाही ने आज वेबिनार के माध्यम से वर्तमान वर्ष 2021-22 में प्रदेश में गेहूं खरीद की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शीघ्रातिशीघ्र गेहूँ खरीद हेतु निर्धारित लक्ष्य 55 लाख मी0टन की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के भुगतान में भी तेजी लाई जाए। किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त कोविड-19 प्रोटोकाल के अंतर्गत समस्त क्रय केंद्रों पर सेनेटाइजर, साबुन-पानी, थर्मामीटर आदि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
श्री शाही ने कहा कि क्रय केंद्रों पर पड़े हुए खाद्यान्न को शीघ्र उठाकर सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गेहूँ खुले में न रहे। उन्होंने समीक्षा के दौरान बरेली मण्डल में गेहूँ खरीद की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण कुछ क्रय केंद्रों पर गेहूँ खरीद की प्रगति संतोषजनक नहीं है, ऐसे क्रय केंद्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इस प्रकार के क्रय केंद्रों की नियमित समीक्षा भी की जाए। किसी भी क्रय केंद्र से घटतौली की शिकायत नहीं प्राप्त होनी चाहिये।
कृषि मंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में 5663 क्रय केंद्रों के माध्यम से अब तक 671377 किसानों से 33.77 लाख मी0टन गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जोकि गत वर्ष इस अवधि में क्रय किये गए 20.39 लाख मी0टन से 13.38 लाख मी0टन अधिक है। किसानों को देय कुल 6670.87 करोड़ रुपये के सापेक्ष 5048.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्हें बताया गया कि अब तक 1418096 किसानों द्वारा अपनी उपज के विक्रय हेतु पंजीकरण कराया गया है। यह भी अवगत कराया गया कि 55 लाख मी0टन गेहूँ हेतु आवश्यक 2.20 लाख गाँठ बोरों के सापेक्ष 2.14 लाख गाँठ बोरे उपलब्ध हैं, शेष बोरों की व्यवस्था की जा रही है।
वेबिनार के माध्यम से समीक्षा बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आलोक सिन्हा, प्रमुख सचिव (खाद्य एवं रसद) श्रीमती वीना कुमारी, खाद्य आयुक्त श्री मनीष चैहान एवं विशेष सचिव श्री मासूम अली सरवर सहित समस्त क्रय एजेंसियों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More