35 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

लोहिया वाहिनी के प्रदेश भर से आये नौजवान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि भाजपा देश में लोकतंत्र का अपहरण कर कारपोरेट व्यवस्था लागू करना चाहती है। वह ग्रामीण अर्थव्यवस्था बर्बाद करने पर तुली है। भाजपा संकीर्णता को बढ़ावा देकर समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। भाजपा की जनविरोधी और सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने वाली नीतियों को रोकने की जिम्मेदारी समाजवादियों की है। नौजवानों को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी है।

      श्री यादव आज यहां लोहिया वाहिनी के प्रदेश भर से आये नौजवान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हों और अन्याय, उत्पीड़न में लगी हो उसको जवाब जनता देगी। समाजवादी पार्टी की ताकत युवा पीढ़ी है। नौजवान जब जनता के साथ खड़े होंगे तो परिवर्तन की लहर चलेगी और भाजपा कहीं की नहीं रहेगी।

      श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी डाॅ0 लोहिया की विचारधारा पर चल रही है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है जबकि समाजवादी पार्टी सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देती है। भाजपा के लिए समाजवादी पार्टी चुनौती बनकर खड़ी है इसलिए भाजपा समाजवादी पार्टी और इसके नेतृत्व के विरूद्ध कई तरह के षडयंत्र कर रही है। विपक्षी नेताओं को बदनाम किया जा रहा है।

       श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों की बहुत उपेक्षा की है। भाजपा की नीतियां किसानों के विरूद्ध हैं। पिछले चार वर्षों में 35 लाख किसानों ने खेती के काम से तौबा कर लिया है। खेती में घाटा और कर्ज की परेशानी से वह आत्महत्या करने को मजबूर है। यह दुभाग्यपूर्ण है। गन्ना किसानों को लगातार धोखा दिया जा रहा है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलने का इंतजार है। नौजवानों को रोजगार का इंतजार है। भाजपा ने लैपटाॅप नहीं बांटे। समाजवादी सरकार ने जो 18 लाख लैपटाॅप बांटे थे उस पर भाजपा को शिकायत है तो वह उसके लाभार्थियों की सूची जारी क्यों नहीं करती?

       श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसान, नौजवान सबके साथ धोखा किया है। लोकतंत्र में धोखा देना अथवा गुमराह करना महापाप है। वादा खिलाफी भी भ्रष्टाचार है। भाजपा राज में भ्रष्टाचार खूब फल-फूल रहा है। इसलिए अब देश की जनता बदलाव चाहती है। अब सब चाहते हैं कि नया प्रधानमंत्री बने। उन्होंने मांग की है कि देश में स्वतंत्र एवं पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष चुनाव के लिए ईवीएम से नहीं बैलट पेपर से ही होना चाहिए।

       श्री यादव ने नौजवानों का आह्वान किया कि उनके सामने 2019 ई. लक्ष्य है। साइकिल चलाकर भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करना है। भाजपा ध्यान बंटाने की कोशिश करती है। इससे सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रत्येक माह साइकिल चलाकर परिवर्तन की ताकतों को गति देंगे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More