दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा में तैनात होंगे 1500 से ज्यादा जवान

HR Breaking News: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के मुंबई में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। हालांकि, धमकी के बावजूद कार्यक्रम को रद्द करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इस कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत की जा रही है। आयोजन स्थल पर 1,500 से ज्यादा निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को ईमेल के माध्यम से कुछ धमकी भरे संदेश मिले थे। इनमें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

पांच प्रवेश द्वारों पर होगी कड़ी जांच

इस बार कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आमतौर पर तीन प्रवेश द्वारों पर जांच की व्यवस्था रहती है, लेकिन इस कार्यक्रम में पांच गेटों पर सुरक्षा जांच की जाएगी। आयोजन से एक दिन पहले और कार्यक्रम वाले दिन भी पूरे परिसर की जांच की जाएगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस दिल्ली में 30 अक्टूबर को आयोजित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को भी ध्यान में रख रही है। उसी तर्ज पर मुंबई में भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा सकते हैं।

700 मीटर तक रहेगा नो-कार जोन

कॉन्सर्ट स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए 500 से 700 मीटर तक नो-कार जोन बनाए जाने की तैयारी है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है।

निजी सुरक्षा कर्मियों को प्रवेश द्वारों पर भीड़ नियंत्रित करने, दर्शकों की कतारें व्यवस्थित रखने और हेल्प डेस्क की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा दिलजीत दोसांझ की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।

उनके होटल में भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों को निर्देश दिए गए हैं कि दिलजीत के ठहरने की जगह और उनके आने-जाने के समय से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक न की जाए। इस मामले में पैपराजी के साथ भी कोई जानकारी साझा नहीं करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button