फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 75वें संस्करण में शामिल हुए- आयुष्मान खुराना

आयुष्मान खुराना ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स डे मनाया। इस अवसर पर शहर फिटनेस, सामुदायिक भावना और भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं के उत्सव में तब्दील नजर आया। अहमदाबाद के प्रतिष्ठित साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने वर्ष 2030 में अहमदाबाद में होने वाले ऐतिहासिक कॉमनवेल्थ गेम्स की दिशा में उत्साह और ऊर्जा को और बढ़ाया।

फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 75वें संस्करण में नागरिकों, खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक फिट एवं खेल-केंद्रित भारत के निर्माण का संदेश दिया। यह आयोजन देशभर में 8,000 से अधिक स्थानों पर मनाया गया।

इस पहल और भारत के खेल भविष्य को लेकर आयुष्मान खुराना ने कहा,“फिट इंडिया और आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का यह सहयोग बेहद खूबसूरत है क्योंकि यह युवा भारतीयों के बीच खेल संस्कृति को प्रेरित कर रहा है। संडेज़ ऑन साइकिल एक बेहद दिलचस्प और भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई गई पहल है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और मार्गदर्शन में ऐसी पहलें भारतीय खेलों का भविष्य गढ़ रही हैं।”

आयुष्मान खुराना सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के आधिकारिक एम्बेसडर और “फिट इंडिया आइकॉन” हैं। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा नियुक्त आयुष्मान लगातार नागरिकों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं। वह लोगों को साइक्लिंग जैसी सरल और मजेदार फिटनेस गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

सिनेमा के साथ-साथ सामाजिक और सार्थक अभियानों से जुड़े रहने वाले आयुष्मान की इस कार्यक्रम में मौजूदगी ने इस राष्ट्रीय अभियान में युवा ऊर्जा और स्टार पावर का संचार किया। यह स्वास्थ्य, वेलनेस और सामुदायिक पहलों के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

अहमदाबाद दौरे के दौरान आयुष्मान खुराना ने अपने हिट कॉमेडी एंटरटेनर पति पत्नी और वो दो के प्रमोशन के लिए अचानक थिएटर विजिट कर फैंस को सरप्राइज भी दिया। थिएटर खचाखच भरा हुआ था और दर्शकों ने जोरदार तालियों और उत्साह के साथ अभिनेता का स्वागत किया, जिससे उनका अहमदाबाद दौरा और भी यादगार बन गया।

Related Articles

Back to top button