यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में लोेक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुती दी- जयवीर सिंह

संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा “यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-तीसरा संस्करण” के अंतर्गत इंडिया एक्सपो सेंटर एण्ड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। पाँच दिवसीय इस आयोजन में देश-प्रदेश की विविध लोक एवं शास्त्रीय परंपराएँ मंच पर जीवंत हो रही हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार द्वारा अभिलेख प्रदर्शनी एवं उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय द्वारा चित्रकला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि आज आयोजित कार्यक्रमों में भोजपुरी गायक श्री दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वाराणसी की श्रीमती सोनी सेठ ने “राम रामेति रामाया” कथक नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभव से सराबोर किया। गोरखपुर से आईं संस्कृति गाथा बैण्ड (सुश्री मोहिनी, सुश्री सोनल एवं सुश्री अनन्या) ने लोकधुनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं श्री पवन धनक (मेरठ) ने शहनाई वादन से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। श्री दीपक (मथुरा) ने राधा-   कृष्ण/मयूर नृत्य प्रस्तुत कर ब्रज संस्कृति का अद्भुत दृश्य साकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि 26 सितम्बर, 2025 को होने वाले आगामी कार्यक्रमों में स्वराग बैण्ड (जयपुर) अपनी विशेष बैण्ड प्रस्तुति देंगे। मथुरा के श्री मुरारी लाल शर्मा पारंपरिक चरकुला नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इसी कड़ी में मथुरा के ही श्री गजेन्द्र सिंह रसिया गायन से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। नोएडा की सुश्री अनु सिन्हा श्रीकृष्ण लीला नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। इसके अतिरिक्त भारतखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ की टीम भी अपनी नृत्य नाटिका से मंच को आलोकित करेगी।
यह आयोजन कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जो उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहा है। यह संपूर्ण आयोजन माननीय मुख्यमंत्री जी एवं संस्कृति मंत्री जी की प्रेरणा एवं कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हो रहा है।

Related Articles

Back to top button