पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर क्रिकेट जगत ने शोक जताया

पूर्व क्रिकेटर व योगी सरकार में मंत्री चेतन चौहन के निधन पर क्रिकेट जगत ने शोक प्रकट किया है। चौहान का कोविड-19 संबंधित परेशानियों के चलते करीब 36 घंटे तक जीवन रक्षण प्रणाली पर रखे जाने के बाद रविवार को निधन हो गया। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट कर कहा,”चेतन भाई के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह मुझे हमेशा प्रेरणादायी बातें कहते थे, उन्होंने भारतीय टीम के साथ अपने क्रिकेट दिनों की कई कहानियां मुझे सुनाई थीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ”

भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज विराट कोहली उनके निधन से काफी हैरान थे। उन्होंने लिखा, ”चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर बहुत हैरान हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थना और संवेदनायें।” क्रिकेट करियर खत्म करने के बाद चौहान दो दफा सांसद भी रहे और उन्होंने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के विभिन्न पदों पर काम किया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने ट्वीट किया, ”चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। आज भारत ने एक बेहतरीन क्रिकेटर ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी खो दिया।”

उन्होंने कहा, ”भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जायेगा। इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनायें उनके परिवार के साथ।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ”मेरे सहयोगी और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान का निधन हो गया। यह उत्तर प्रदेश के लोगों के लिये और विश्व क्रिकेट के लिये अपूरणीय क्षति है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जायेगा।” पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने क्रिकेट और राजनीति दोनों में उनके योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने ट्वीट किया, ”चेतन चौहान सर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। भारतीय क्रिकेट और राजनीति में उन्होंने अपार योगदान दिया। मेरी प्रार्थनायें उनके परिवार के साथ।”

पूर्व भारतीय कप्तान और महान स्पिनर अनिल कुंबले ने चौहान के साथ उनकी बातें याद कीं। उन्होंने कहा, ”चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। 2007-08 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हमारी बातचीत अच्छी तरह याद है। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनायें।” दिल्ली के वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने चौहान को श्रृद्धांजलि दी। सहवाग ने लिखा, ”चेतन चौहान के परिवार और शुभचिंतकों को मेरी संवेदनायें। ओम शांति।”

वहीं, गंभीर ने ट्वीट किया, ”चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। क्रिकेट और प्रशासन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जायेगा। उनके परिवार और प्रियजनों को भगवान शक्ति दे।” पूर्व हरफनमौला इरफान पठान ने लिखा, ”भारतीय टेस्ट खिलाड़ी चेतन चौहान के निधन पर दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें।” ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने लिखा, ”चेतन चौहान सर के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ, वह बेहतरीन सलामी बल्लेबाज थे जिन्होंने सन्नी भाई के साथ कुछ शानदार साझेदारियां कीं। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदनायें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।” Punjabkesari

Related Articles

Back to top button