श्री मौर्य ने लगभग 487.48 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण सड़कों के निर्माण की दी स्वीकृति

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए निविदा प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री शिव सहाय अवस्थी को निर्देशित किया कि सभी संबंधित जनपदों में निविदा संबंधी कार्यवाही में तेजी लाते हुए निर्माण प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को शीघ्र निर्माण किया जा सके।

पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत प्रदेश के कुल 38 जनपदों में 373 पैकेजों/निविदाओं के माध्यम से कुल 525.787 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। इन कार्यों की कुल अनुमानित निर्माण लागत जीएसटी रहित 48,747.96 लाख रुपये है। इन योजनाओं को उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के अंतर्गत आगरा, अलीगढ़, बदायूं, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, बिजनौर, देवरिया, एटा, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, जौनपुर, कानपुर देहात, कासगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, महाराजगंज, महोबा, मथुरा, मिर्जापुर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रायबरेली, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर (भदोही), संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र एवं वाराणसी में सड़क निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button