कहां गया ‘कुछ-कुछ होता है’ का ‘नन्हा सरदार’, शाह रुख-काजोल की फिल्म के बाद छोड़ दी एक्टिंग, अब संभाल रहे हैं ये काम

90 के दशक के सिनेमा प्रेमियों के जेहन में फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ (Kuch Kuch Hota Hai) की यादें आज भी ताजा हैं। शाह रुख खान, सलमान खान और काजोल स्टारर इस कल्ट क्लासिक फिल्म का हर एक किरदार दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बस गया है। फिल्म में नन्हीं अंजलि (सना सईद) से लेकर छोटे-छोटे कलाकारों तक ने अपनी मासूमियत से स्क्रीन पर जादू बिखेरा था। इसी फिल्म में एक ऐसा किरदार भी था, जिसके छोटे से रोल और एक ही डायलॉग ने पूरी महफिल लूट ली थी। वह कोई और नहीं बल्कि ‘नन्हा सरदार’ था, जिसका ‘तुस्सी जा रहे हो’ वाला डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर है। आइए जानते हैं कि आज 28 साल बाद वह प्यारा बच्चा कहां है और क्या कर रहा है।

परजान दस्तूर ने महज छह साल की उम्र में जीता था सबका दिल

फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ में शाह रुख खान के साथ मिलकर काजोल की खिल्ली उड़ाने और रात के वक्त तारे गिनने वाले उस नन्हे सरदार का किरदार बाल कलाकार परजान दस्तूर (Parzaan Dastur) ने निभाया था। साल 1998 में जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तब परजान की उम्र महज छह साल थी। इसके बाद उन्होंने ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘जुबैदा’, ‘मोहब्बतें’ और ‘हम तुम’ जैसी कई बड़ी फिल्मों में काम किया। परजान के पर्दे पर दिखने वाले पल भले ही छोटे होते थे, लेकिन अपनी जबरदस्त क्यूटनेस से वे उस सीन को हमेशा के लिए यादगार बना देते थे।

एक्टिंग से दूरी बनाकर परजान ने चुनी कैमरे के पीछे की दुनिया

फिल्म की रिलीज को 28 साल बीत चुके हैं और परजान दस्तूर अब 34 वर्ष के एक हैंडसम युवा बन चुके हैं। अभिनय की दुनिया में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपार सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई बिजनेस मैनेजमेंट में पूरी की। इसके बाद उन्होंने कैमरे के आगे एक्टिंग करने के बजाय कैमरे के पीछे रहकर फिल्म निर्माण की कला सीखने का फैसला किया।

साल 2012 में उन्होंने करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम शुरू किया। इसके अलावा उन्होंने करीना कपूर और इमरान खान की फिल्मों के साथ-साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स में बिहाइंड द कैमरा अपनी सेवाएं दीं। वह आखिरी बार साल 2017 में आई फिल्म ‘पॉकेट मम्मी’ में नजर आए थे, जिसके वे लेखक भी थे।

अब अपना प्रोडक्शन हाउस चला रहे हैं परजान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनय की दुनिया से लंबे समय तक दूर रहने और निर्देशन के क्षेत्र में हाथ आजमाने के बाद अब परजान दस्तूर पूरी तरह से अपने खुद के बिजनेस में व्यस्त हैं। वह वर्तमान में अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस सफलताપूर्व चला रहे हैं। डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें विज्ञापनों, म्यूजिक वीडियोज, ब्रांड कंटेंट और फिक्शन प्रोजेक्ट्स पर काम करने में काफी मदद की है। इसके अलावा, उन्होंने हाल ही में अपना एक पॉडकास्ट भी शुरू किया है, जहां वे देश के जाने-माने राइटर्स और फिल्ममेकर्स के साथ दिलचस्प बातचीत करते नजर आते हैं।

Related Articles

Back to top button