उत्तराखंड: जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का था। यह बदरीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था और इसे सहस्रधारा हेलीपैड पर उतरना था। आशंका जताई जा रही है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी पर स्थित चट्टान से टकराकर नीचे गिरा।

आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के अनुसार, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद घटनास्थल की जानकारी जुटाने के लिए अन्य हेलीकॉप्टरों को रेकी के लिए भेजा गया। वहीं, एसडीआरएफ की टीमें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।

डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, पायलट से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है और टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।

हादसे पर सीएम धामी की नजर, रेस्क्यू के दिए निर्देश

हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

सीएम धामी ने बताया कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के सकुशल होने की कामना की है।

खराब मौसम के बीच भी जारी थीं हेलीकॉप्टर उड़ानें

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मौसम खराब होने के बावजूद बदरीनाथ से देहरादून के लिए हेलीकॉप्टर उड़ानें जारी थीं। दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर एक हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी, जो सुरक्षित देहरादून पहुंच गया।

इसके बाद दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर एक अन्य हेलीकॉप्टर ने देहरादून के लिए उड़ान भरी, लेकिन उसका संपर्क टूट गया। वहीं, 1 बजकर 20 मिनट पर बदरीनाथ से रवाना हुआ एक और हेलीकॉप्टर सुरक्षित देहरादून पहुंच गया।

बाद में 1 बजकर 12 मिनट पर उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि इसके बाद भी दोपहर 2 बजकर 10 मिनट, 2 बजकर 15 मिनट और 2 बजकर 22 मिनट पर हेलीकॉप्टर उड़ानें हुईं। दिनभर में करीब 12 चार्टर हेलीकॉप्टरों ने देहरादून के लिए उड़ान भरी थी।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के नाम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय हेलीकॉप्टर में छह लोग सवार थे। इनमें एक पायलट और पांच यात्री शामिल थे।

  • कैप्टन हिमांशु – पायलट

  • प्रथापा – यात्री

  • अरुण – यात्री

  • शंकर गौड़ा – यात्री

  • सुधीर के – यात्री

  • एसएस नटराजा – यात्री

फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हादसे में सवार लोगों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। इस संबंध में सामने आने वाले नए अपडेट के साथ खबर को लगातार अपडेट किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button