नई दिल्ली: पांच राज्यों में मिली जीत से उत्साहित भाजपा ने दिल्ली निगम चुनाव में किसी वर्तमान पार्षद को टिकट न देने का ऐलान किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के अनुसार भाजपा वर्तमान पार्षद को टिकट नहीं देगी, न ही उसके किसी रिश्तेदार को टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा पार्टी ने बहुत सोच-समझकर यह निर्णय किया है। भाजपा के लोग पद के लिए काम नहीं करते हैं। सभी को नए लोगों के राजनीति में आने का स्वागत करना चाहिए। सभी को योग्यता के अनुसार ही टिकट मिलेगा।
तिवारी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा के फैसले से पुराने लोगों को तकलीफ हो सकती है लेकिन नए लोगों को भी मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा पार्टी के इस फैसले से अब परिवारवाद नहीं रहेगा। दूसरी ओर दिल्ली चुनाव आयोग मंगलवार शाम एमसीडी चुनावों की घोषणा हो कर सकता है। अप्रैल में चुनाव होने के आसार हैं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के तीनों नगर निगम में भाजपा सत्तारूढ़ है। दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह स्वयं दिल्ली नगर निगम चुनावों पर निर्णय ले रहे हैं। शाह इन चुनावों के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।