शिक्षा और चिकित्सा को भाजपा सरकार ने व्यवसाय बना दिया- अजय राय
भगवान बुद्ध की जयंती (बुद्ध पूर्णिमा) तथा श्रमिक दिवस के अवसर पर राजधानी कैसरबाग स्थित गांधी भवन (प्रेक्षागृह) में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षकों एवं चिकित्सकों का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित हुआ। उक्त सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, प्रभारी उ0प्र0 मा0 श्री अविनाश पाण्डेय जी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी पूर्व मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया की चेयरपर्सन श्रीमती सुप्रिया श्रीनेत जी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन श्री तनुज पुनिया जी-सांसद तथा रवि प्रकाश वर्मा जी-पूर्व सांसद सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेतागण शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ0 मनीष हिंदवी जी तथा अतिथियों का स्वागत उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ के वाइस चेयरमैन प्रो0 श्रवण कुमार गुप्ता जी ने किया।
कार्यक्रम से पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव-प्रभारी उ0प्र0 मा0 श्री अविनाश पाण्डेय जी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी सहित उपस्थित सभी अतिथिगणों ने भगवान बुद्ध जी की जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि की तथा दीपदान किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं चिकित्सकों के देश एवं पार्टी के निर्माण में भूमिका पर लघु फिल्मों का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, प्रभारी उ0प्र0 श्री अविनाश पाण्डेय जी ने कहा कि शिक्षक और चिकित्सक भविष्य के निर्माणकर्ता हैं यह वर्ग है जो भीड़ का हिस्सा नहीं बल्कि भीड़ को सम्बोधित करता है। सामाजिक न्याय के लिए हमें समाज में हर शोषित व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खडे़ रहना है। इतिहास से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि हर जीत के पीछे एक लम्बा संघर्ष होता है। लोकतंत्र पर जिस तरीके से कुठाराघात किया जा रहा है जनता उसका जवाब आने वाले समय में देगी। पुरानी पेंशन पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी कर्मचारियों/अधिकारियों, शिक्षकों एवं सैनिकों को पुरानी पेंशन के रूप में बुढ़ापे का सहारा दिया था जिसे भाजपा सरकार ने छीन लिया है। कांग्रेस सत्ता में आने के बाद पुरानी पेंशन बहाल करेगी और शिक्षकों तथा चिकित्सकों की समस्यओं को दूर करने का प्रयास करेगी।
अपने सम्बोधन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी-पूर्व मंत्री ने कहा कि शिक्षक और चिकित्सक समाज के एक सजग और जिम्मेदार प्रहरी हैं। एक और चिकित्सक जो शरीर को स्वस्थय रखता है और वहीं दूसरी ओर शिक्षक जो बेहतर समाज की नींव रखता है। आज सभी सभी स्कूल कॉलेजों और शिक्षा से जुड़े बड़े संस्थानों को बेचा जा रहा है, उनका निजीकरण किया जा रहा है, सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है वहीं पूंजीपतियों के बड़े-बड़े अस्पताल बन रहे हैं। शिक्षा और चिकित्सा को भाजपा सरकार ने व्यवसाय बना दिया है इसका सीधा असर देश और प्रदेश की आम जनता पर पड़ रहा है। गरीब के बच्चों का दाखिला ना तो अच्छे विद्यालयों में हो पा रहा है और ना ही गरीबों का इलाज अच्छे अस्पतालों में हो पा रहा है। सरकार की सभी नीतियाँ पूरी तरह से फेल हो चुकी हैं शिक्षक और चिकित्सकों से हमें बहुत उम्मीद है वह इस बात को स्वयं समझेंगे और लोगों को भी समझायेंगे।
अपने सम्बोधन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया की चेयरपर्सन श्रीमती सुप्रिया श्रीनेत जी ने कहा कि बदहाल व्यवस्था को बदलने का काम शिक्षक और चिकित्सक ही कर सकते हैं क्योंकि दोनों वर्गों का जुड़ाव सीधे आम जनता से होता है। शिक्षक हमारे आदर्श पुरूषों की प्रेरणाओं और आर्दशों को बच्चों के ह्रदय में स्थापित करता है जिससे वह देश के अच्छे नागरिक बनते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा वह लोग जो अपनी स्वयं की डिग्री नहीं दिखा सकते हैं हम उनसे शिक्षा को आगे बढ़ाने की बात कर रहे हैं जिनकी डिग्री फर्जी है उनके वादें भी फर्जी है। आकड़ों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश में शिक्षकों के लाखों पद खाली हैं एक आकडे के अनुसार जहां 3 हजार 12 डॉक्टरों की आवश्यकता है वहां 812 डॉक्टरों से काम चलाया जा रहा है। शिक्षकों और चिकित्सकों के खाली पदों को नहीं भरा जा रहा है जिसका असर आम जनता पर पड़ा रहा है।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन मा0 श्री तनुज पुनिया जी-सांसद, श्री रवि प्रकाश वर्मा जी-पूर्व सांसद, श्री मुईद अहमद जी-पूर्व मंत्री, श्री सदल प्रसाद जी-पूर्व मंत्री, उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी शिक्षक एवं चिकित्सक प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ0 अमित कुमार राय, एवं डॉ0 आज़ाद बेग ने भी सम्बोधित किया।
सम्मेलन में उ0प्र0 कांग्रेस विचार विभाग के चेयरमैन एच0एल0 दुसाध जी, विधि विभाग के चेयरमैन एड0 अली आसिफ जमा रिज़वी, सूचना का अधिकार विभाग के चेयमरैन पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, किसान कांग्रेस मध्य जोन के चेयरमैन बृज मौर्या, सोशल मीडिया की चेयरपर्सन शालिनी सिंह, विचार विभाग के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार, विधि विभाग के वाइस चेयरमैन अमानुर रहमान सहित भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।




