गोसंरक्षण की गुणवत्ता पर सख्त निगरानीः प्रदेश की गौशालाओं का दो चरणों में व्यापक निरीक्षण

मा० मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग द्वारा प्रदेश की गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण, हरा चारा, भूसा, चोकर, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जायेगा।
यह निरीक्षण दो चरणों में सम्पन्न होगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न मण्डलों के जनपदों में आयोग के पदाधिकारीगण स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा संबंधित जनपदों में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठकों में प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक निरीक्षण के उपरांत विस्तृत रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जाएगी।
प्रथम चरण में मा० अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्त, मा० उपाध्यक्षगण एवं सदस्यों द्वारा झांसी, आगरा, चित्रकूटधाम, देवीपाटन, गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, विन्ध्यांचल एवं अयोध्या मण्डलों में निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान संबंधित मण्डलों के अपर निदेशक (ग्रेड-2), पशुपालन विभाग की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही, जनपद स्तरीय समीक्षा बैठकों में समिति के सभी अध्यक्ष एवं सदस्यगण की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे कार्यों की प्रभावी समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें।



