श्रीलंका आतंकी हमला…विस्‍फोट से जुड़े आतंकी मारे गए या गिरफ्तार हो गए: PM विक्रमसिंघे

कोलंबो: श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने रविवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने ईस्टर के दिन हुए आत्मघाती हमलों से संबंधित ज्यादातर इस्लामी कट्टरपंथियों को या तो मार गिराया गया है, या उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. विक्रमसिंघे ने कहा कि देश में हालात फिर से सामान्य हो रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस्लामी कट्टरपंथ से निपटने के लिए कठोर कानूनों की योजना बनाई है और श्रीलंका में गैरकानूनी तरीके से शिक्षा दे रहे विदेशी मौलवियों को देश से बाहर किया जाएगा.

गौरतलब है कि ईस्टर संडे के दिन हुए आत्मघाती हमलों में कम से कम 40 विदेशियों सहित 253 लोग मारे गए थे. ये हमले तीन गिरिजाघरों और तीन होटलों को निशाना बनाकर किये गये थे. उन्होंने एक बयान में कहा कि इन हमलों को ”छोटे लेकिन संगठित समूह’ ने अंजाम दिया.

विक्रमसिंघे ने कहा, ”इनमें से ज्यादातर को गिरफ्तार कर लिया गया है. कुछ को मार गिराया गया है. अब हमारे यहां हालात सामान्य हो रहे हैं.’ हमलों के बाद से 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि देश में इस्लामिक स्टेट आतंकी समूह के करीब 140 समर्थक हैं.

Related Articles

Back to top button