नियमित ट्रेन सेवा अनिश्चित काल तक के लिए रद्द

नई दिल्ली: रेलवे ने सभी नियमित यात्री ट्रेन सेवाओं को अगली सूचना तक के लिए रद्द कर दिया है, लेकिन 230 विशेष ट्रेनें चलती रहेंगी। रेल मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि सभी के संज्ञान में लाया जाता है कि पूर्व में जो फैसला लिया गया था और सूचित किया गया था, उसी तरह अगली सूचना तक नियमित यात्री और उप नगरीय ट्रेन सेवाएं निलंबित रहेंगी। उल्लेखनीय है कि रेलवे ने इससे पहले सभी यात्री सेवाओं को 12 अगस्त तक के लिए निलंबित कर दिया था।

रेलवे ने कहा कि वर्तमान में परिचालित 230 विशेष ट्रेनों का परिचालन जारी रहेगा। मुंबई में लोकल ट्रेन, जो वर्तमान में राज्य सरकार की मांग पर सीमित रूप से परिचालित हो रही हैं, उनका भी परिचालन जारी रहेगा।

मंत्रालय ने कहा कि विशेष ट्रेनों में यात्रियों की संख्या (ऑक्यूपैंसी) की नियमित आधार पर निगरानी की जा रही है। इसके अलावा आवश्यकता के आधार पर विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा सकता है। हालांकि, लॉकडाउन से पहले चल रही सभी अन्य नियमित ट्रेनों और उप नगरीय ट्रेनों की सेवाएं फिलहाल निलंबित रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे ने यात्री ट्रेनों के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने से इस वित्तीय वर्ष में अपने यात्री व्यवसाय में लगभग 40,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।

Related Articles

Back to top button