तेजाब हमला पीड़ितों के सम्मानजनक जीवन की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार का संवेदनशील कदम

उत्तर प्रदेश सरकार के महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग द्वारा तेजाब हमले (एसिड अटैक) से प्रभावित सर्वाइवरों को सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ष्एसिड अटैक (तेजाब हमला) सर्वाइवर की समग्र सहायता एवं पुनर्वास नीति-2026 का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह नीति केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रहकर सर्वाइवरों के संपूर्ण पुनर्वास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल है।
तेजाब हमला मानवता के विरुद्ध एक जघन्य अपराध है, जिसके कारण पीड़ित व्यक्ति को न केवल गंभीर शारीरिक क्षति का सामना करना पड़ता है, बल्कि मानसिक आघात, सामाजिक बहिष्कार, शिक्षा एवं रोजगार में कठिनाइयों तथा आर्थिक असुरक्षा जैसी अनेक चुनौतियों से भी जूझना पड़ता है। ऐसे में राज्य सरकार का प्रयास है कि सर्वाइवरों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराया जाए।
प्रस्तावित नीति के अंतर्गत तेजाब हमला सर्वाइवरों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा एवं पुनर्निर्माण उपचार, दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग, मनोसामाजिक परामर्श, कानूनी सहायता, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यापक व्यवस्था की गई है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सहायता सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाने पर भी विशेष बल दिया गया है।
यह नीति सर्वाइवर-केंद्रित दृष्टिकोण पर आधारित होगी, जिसमें विभिन्न विभागों, संस्थाओं तथा हितधारकों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से एक प्रभावी कार्यप्रणाली विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य केवल पीड़ितों को सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाते हुए समाज में सम्मानजनक पुनर्स्थापन सुनिश्चित करना है।
उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि किसी भी सर्वाइवर का पुनर्वास केवल आर्थिक सहायता से संभव नहीं है, बल्कि उसे चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक स्वीकार्यता और मानसिक संबल जैसे सभी आवश्यक आयामों में सहयोग प्रदान करना उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ तैयार की गई यह प्रस्तावित नीति तेजाब हमला सर्वाइवरों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास राज्य सरकार की संवेदनशील एवं समावेशी शासन व्यवस्था का परिचायक है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक सर्वाइवर को गरिमा, सुरक्षा, समान अवसर और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button