5 से 25 दिसंबर तक चलेगा गीता जयंती महोत्सव, पहली बार ज्योतिसर में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

HR Breaking News (Haryana News) : कुरुक्षेत्र में इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का स्वरूप पहले से अधिक व्यापक और आकर्षक नजर आएगा। महोत्सव के इतिहास में पहली बार गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ को भी बड़े सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ा जा रहा है। अब तक महोत्सव की प्रमुख सांस्कृतिक गतिविधियां ब्रह्मसरोवर(Brahmasarovar) के पुरुषोत्तमपुरा बाग में ही आयोजित होती थीं, लेकिन इस बार ब्रह्मसरोवर के साथ ज्योतिसर में भी देश-विदेश के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 5 से 25 दिसंबर तक चलने वाले महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 14 से 20 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे।
18 अध्यायों पर बनेंगे द्वार
महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए इस बार गीता के 18 अध्यायों को आधार बनाकर विशेष सजावट की जाएगी। इसके तहत आयोजन स्थल पर 18 प्रवेश द्वार तैयार किए जाएंगे, जिनके माध्यम से गीता के अलग-अलग अध्यायों की झलक देखने को मिलेगी। वहीं, थीम पवेलियन में आधुनिक तकनीक के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों और गीता के जीवन दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा।
एलइडी लगाकर होगा सीधा लाइव प्रसारण
ज्योतिसर में होने वाले कार्यक्रमों का आनंद ब्रह्मसरोवर पहुंचने वाले श्रद्धालु भी ले सकेंगे। इसके लिए वहां आयोजित प्रस्तुतियों का सीधा प्रसारण ब्रह्मसरोवर पर लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। ज्योतिसर में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोशनी, बैठने, पेयजल, स्वच्छता और पार्किंग के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान हरियाणा पवेलियन (Haryana Pavilion), सरस मेला, शिल्प मेला (shilp mela), गीता सेमिनार, सांस्कृतिक संध्याएं और लाइट एंड साउंड शो (Light and Sound Show) भी आयोजित होंगे। भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप की झांकी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रमों में सूफी संगीत, बॉलीवुड और हरियाणवी लोक संस्कृति (Haryanvi folk culture) के रंग देखने को मिलेंगे। इसके अलावा विदेशी सांस्कृतिक दल भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न देशों की कला और परंपराओं से परिचित करवाएंगे। सभी प्रस्तुतियों की विषयवस्तु गीता के संदेश और दर्शन पर केंद्रित रहेगी।




