उत्तराखंड – नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, गले पर मिले धारदार हथियार के निशान


देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) रुड़की के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
युवक का शव केंद्र के शौचालय में मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शौचालय में मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37) को करीब तीन माह पहले सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।
मंगलवार रात केंद्र संचालक ने आशीष का शव शौचालय में पड़ा देखा। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गले पर मिले धारदार हथियार के निशान
पुलिस जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हत्या की आशंका जताई।
परिजनों का आरोप है कि केंद्र में भर्ती किसी अन्य मरीज ने आशीष की हत्या की हो सकती है। घटना के बाद नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शेखर चन्द्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस नशा मुक्ति केंद्र के संचालक समेत वहां मौजूद अन्य मरीजों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



