ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। उक्त बातें प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने सुलतानपुर जनपद में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा एवं सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी संगम बताया और युवाओं से आधुनिक तकनीक एवं शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया।
मंत्री अग्रवाल ने “श्री राधेश्याम त्रिपाठी छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान समारोह-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राम मिलन त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन सत्यपथ फाउंडेशन के सीईओ राम विनय सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।




