उत्तराखंड – यहां लकड़ी बीनने गई महिला पर हाथी का हमला , मौत से इलाके में दहशत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैना देवी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। दोपहर लगभग 2 बजे अचानक एक जंगली हाथी वहां आ पहुंचा। हाथी को देखते ही तीनों महिलाएं घबरा गईं और जान बचाने के लिए भागने लगीं।
बताया जा रहा है कि इस दौरान मैना देवी ने साहस दिखाते हुए अपनी दोनों साथियों से भागने को कहा, क्योंकि हाथी उनके पीछे आ रहा था। दोनों महिलाएं खत्तों की दिशा में भाग निकलीं, जबकि मैना देवी घर की ओर दौड़ीं। दुर्भाग्यवश, हाथी ने उन्हें पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर एक दिन पहले भी हाथी के हमले में लालकुआं के दो लोगों की मौत हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि इन तीनों घटनाओं के पीछे एक ही हाथी हो सकता है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग द्वारा इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों को जंगल में अकेले न जाने की सलाह दी जा रही है।




