Yogi Govt 2.0 : यूपी की यशोदा मैया हुईं हाईटेक सीएम योगी ने 69 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए स्मार्टफोन
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की नींव मजबूत करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को डिजिटल शक्ति से लैस कर दिया है। सोमवार को राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 69 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित करने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुनी गईं 18,440 नई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे, जिससे महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है।डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ते कदम मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्मार्टफोन मिलने से अब आंगनबाड़ी केंद्रों के कामकाज में पूरी पारदर्शिता आएगी। अब हर बच्चे के पोषण का डेटा और योजनाओं का लाभ सीधे पोर्टल पर दर्ज होगा, जिससे मॉनिटरिंग आसान हो जाएगी। इस हाईटेक पहल का उद्देश्य भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करना और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना है। सीएम ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से ‘डिजिटल मॉनिटरिंग’ अब और अधिक प्रभावी होगी।यशोदा मैया के रूप में किया सम्मानित भावुक होते हुए सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तुलना ‘यशोदा मैया’ से की। उन्होंने कहा कि जैसे माता यशोदा ने भगवान कृष्ण का लालन-पालन किया था, ठीक उसी तरह ये कार्यकर्ता प्रदेश के नौनिहालों के भविष्य को गढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यदि प्रदेश का बचपन सुपोषित और सुरक्षित है, तो उत्तर प्रदेश का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। पिछले कुछ वर्षों में कुपोषण के खिलाफ जंग में इन कार्यकर्ताओं ने जो भूमिका निभाई है, उसकी सराहना पूरे देश में हो रही है।करोड़ों की सौगात और नई बुनियादी सुविधाएं स्मार्टफोन वितरण के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों के नए डिजाइन का भी विमोचन किया। सरकार ने 13 जिलों में 633 नए आंगनबाड़ी केंद्रों और 28 जिलों में 71 बाल विकास परियोजना कार्यालयों के निर्माण का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं पर कुल 13,704 लाख रुपये से अधिक का खर्च आएगा। साथ ही, 2,468 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया। सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत कर हर गांव तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।




