मुसीबत में फंसे कॉमेडी किंग राजपाल यादव! शंभू शिखर ने बयां किया दर्द, बोले- ‘बुरा वक्त है पर जल्द लौटेंगे हंसाने’

Post

नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर अब मशहूर हास्य कवि और कॉमेडियन शंभू शिखर (Shambhu Shikhar) ने बड़ा बयान दिया है। आईएएनएस (IANS) के साथ हुई खास बातचीत में शंभू शिखर ने बताया कि राजपाल यादव और उनका परिवार पिछले काफी समय से मानसिक और आर्थिक रूप से बेहद परेशान है।

‘अगस्त में 8 दिन साथ रहा, बहुत परेशान थे राजपाल’

शंभू शिखर ने राजपाल यादव के साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा, “मैं राजपाल यादव को बहुत करीब से जानता हूं। पिछले साल अगस्त में मैं करीब 7-8 दिन उनके साथ रहा था। उस दौरान मैंने देखा कि वे इस गंभीर समस्या को लेकर काफी तनाव में थे।” शंभू ने आगे बताया कि न केवल राजपाल, बल्कि उनकी पत्नी भी परिवार को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही हैं। राजपाल के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है, लेकिन अच्छी बात यह है कि मनोरंजन जगत के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं।

अमिताभ बच्चन की कंगाली का दिया उदाहरण: ‘कलाकार फिर खड़ा होगा’

राजपाल यादव की स्थिति की तुलना शंभू शिखर ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के बुरे दौर से की। उन्होंने याद दिलाया कि एक समय ऐसा भी था जब बिग बी दिवालिया हो गए थे और उनका बंगला ‘प्रतीक्षा’ तक बिकने की कगार पर था। शंभू ने कहा, “एक कलाकार की जिंदगी में ऐसे उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। संतुलन बिगड़ता है, लेकिन मेहनत के दम पर वापसी भी होती है। मुझे पूरा यकीन है कि राजपाल यादव भी अपनी मुश्किलों को मात देकर जल्द ही पर्दे पर हमें फिर से गुदगुदाएंगे।”

युवा कलाकारों को नसीहत: रील से नहीं, रियल टैलेंट से बनेंगे स्टार

मनोरंजन जगत में काम की कमी और स्ट्रगल पर बात करते हुए शंभू शिखर ने नवागंतुकों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोग रातों-रात स्टार बनना चाहते हैं, जो मुमकिन नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कई लोग विलेन का रोल तक ठीक से नहीं कर पाते और सीधे हीरो बनने का सपना देखते हैं। रील वायरल होने से कोई स्टार नहीं बनता। एक फिल्म बनने में 2.5 से 3 साल का पसीना बहता है। टैलेंट है तो काम आज नहीं तो कल जरूर मिलेगा।”

राजपाल के लिए उमड़ा दुआओं का सैलाब

बता दें कि राजपाल यादव की मदद के लिए लगातार लोग हाथ बढ़ा रहे हैं। हाल ही में यूपी पुलिस के एक अधिकारी ने भी उनकी आर्थिक सहायता का ऐलान किया था। शंभू शिखर का मानना है कि ईश्वर की कृपा और प्रशंसकों की दुआओं से राजपाल यादव जल्द ही ‘कमबैक’ करेंगे।

–Advertisement–

Related Articles

Back to top button