75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों में से 7 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप देने के लिए प्रधानमंत्री को हृदय से आभार, केशव प्रसाद मौर्य


प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ऐशबाग, विंध्याचल, फतेहपुर, पनकी धाम, मोदीनगर, शामली एवं धामपुर रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप प्रदेश के विकास को नई गति देगा। इन स्टेशनों पर विकसित की गई अत्याधुनिक सुविधाएं यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक बनाएंगी। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
श्री मौर्य ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशन स्थानीय संस्कृति, विरासत और क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण राज्य है और इन पुनर्विकसित स्टेशनों से प्रदेश में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई मजबूती प्राप्त होगी।
उपमुख्यमंत्री ने अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए कहा कि यह नई रेल सेवा देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क को और सशक्त बनाएगी। इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी तथा धार्मिक पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सड़क, रेल, हवाई एवं जल परिवहन सहित सभी क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मजबूत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा भारतीय रेलवे इस परिवर्तन का प्रमुख आधार बन रही है।
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है। रेलवे सहित सभी क्षेत्रों में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे।
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने देशवासियों को अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, आधुनिक रेलवे स्टेशन एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं समर्पित करने के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।



