यूपी में बिना बस चलाए वेतन का बड़ा खेल, 1671 ड्राइवरों के शून्य किलोमीटर पर अखिलेश यादव का हमला
समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में एक बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में 1671 सरकारी बस ड्राइवर ऐसे हैं, जो बिना एक किलोमीटर भी बस चलाए हर महीने नियमित रूप से वेतन उठा रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा सरकार का ‘महाभ्रष्टाचार’ करार देते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि क्या उनका ‘बुलडोजर’ इस सरकारी लूट पर भी चलेगा।50% चालकों का रिकॉर्ड ‘शून्य किलोमीटर’: अखिलेश का बड़ा दावाअखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर परिवहन विभाग के कथित आंकड़ों का हवाला देते हुए लिखा कि विभाग में तैनात कुल ड्राइवरों में से एक बड़ी संख्या ऐसे चालकों की है, जो कागजों पर तो ड्यूटी पर हैं, लेकिन सड़कों पर उनकी बसें नहीं दिख रही हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से लगभग आधे यानी 50% चालकों का रनिंग रिकॉर्ड ‘शून्य किलोमीटर’ है। सपा प्रमुख ने इसे एक सुनियोजित ‘गोरखधंधा’ बताते हुए कहा कि जनता के टैक्स का पैसा उन लोगों को बांटा जा रहा है जो काम ही नहीं कर रहे हैं।”बसों पर बुलडोजर मत चलवाइए, भ्रष्टाचार पर चलाइए”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘बुलडोजर’ नीति पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी, इस खुलासे के बाद बसों पर बुलडोजर चलवाने का नाटक मत कीजिएगा। अगर बुलडोजर चलवाना ही है, तो विभाग के जिम्मेदार मंत्रियों और अधिकारियों की महाभ्रष्ट करतूतों पर चलाइए।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस भ्रष्टाचार की जड़ें काफी गहरी हैं और इसका हिस्सा ‘ऊपर’ तक पहुंचता है, इसीलिए इतने बड़े घोटाले के बावजूद दोषियों पर सरकार की ‘दया-दृष्टि’ बनी रहती है।आम जनता बेहाल, परिवहन व्यवस्था बदहालसपा प्रमुख ने गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के दौरान जनता को होने वाली दिक्कतों का जिक्र करते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ आम यात्री बसों की कमी और खस्ताहाल परिवहन व्यवस्था के कारण धक्के खाने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा सरकार परिवहन विभाग को दीमक की तरह चाट रही है। अखिलेश के अनुसार, इस तरह यातायात बाधित होना सीधे तौर पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ‘ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी’ की बात तो करती है, लेकिन असल में अपनी जेब भरने वाली ‘ट्रिलियन डॉलर व्यवस्था’ बनाने में जुटी है।”भाजपा जाए तो बस चल पाए”: अखिलेश का नया चुनावी नाराअपने चिर-परिचित अंदाज में अखिलेश यादव ने जनता को सांत्वना देते हुए कहा कि प्रदेश के “बुरे दिन” अब खत्म होने वाले हैं। उन्होंने एक नया नारा देते हुए लिखा ‘भाजपा जाए तो बस चल पाए’। हालांकि, इन गंभीर आरोपों पर अभी तक परिवहन विभाग या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक सफाई या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अखिलेश द्वारा साझा किए गए आंकड़ों की समय सीमा और ड्राइवरों के इतने बड़े समूह द्वारा बिना कार्य वेतन लेने की अवधि को लेकर भी विभाग में खलबली मची हुई है।




