यूपी में अगले तीन दिन आसमानी आफत ,लखनऊ-कानपुर समेत 48 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में गर्मी की दस्तक के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण सोमवार से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर समेत प्रदेश के 48 जिलों में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।वेस्टर्न डिस्टरबेंस का दिखेगा ‘तांडव’ आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण उपजा यह विक्षोभ काफी शक्तिशाली है। इसका असर सोमवार (30 मार्च) को चरम पर रहेगा और यह सिलसिला 1 अप्रैल तक जारी रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि (Hailing) और बिजली गिरने (Lightning) की भी चेतावनी जारी की गई है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है।इन जिलों में बिजली गिरने और आंधी की चेतावनी मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और आगरा जैसे जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या और सुल्तानपुर में भी बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा। लखनऊ और कानपुर में यलो अलर्ट को बढ़ाकर अब ऑरेंज अलर्ट में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।तापमान में गिरावट से मिलेगी गर्मी से राहत पिछले कुछ दिनों से चढ़ते पारे ने लोगों को पसीने छुड़ाना शुरू कर दिया था, लेकिन इस ‘मार्च के अंतिम विक्षोभ’ ने फिर से फिजां में ठंडक घोल दी है। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जो बारिश के बाद और गिर सकता है। हालांकि, मौसम विभाग का यह भी कहना है कि 2 अप्रैल से आसमान साफ होने लगेगा और गर्मी एक बार फिर अपने प्रचंड रूप में वापसी करेगी। फिलहाल, अगले 72 घंटे प्रदेशवासियों के लिए संभलकर रहने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button